संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। बैरसाल गांव के पास 30 मार्च को बाइक अनियंत्रित होने से सड़क पर गिरकर बाइक सवार सरकारी प्रिंटिंग प्रेस कर्मचारी रामपाल (53) की माैत हो गई। वह हेलमेट नहीं पहने हुए थे। गिरने से सिर में चोट लगी थी।
उनके दोनों बेटे कनाड़ा में थे। बेटों के आने के इंतजार में पुलिस ने दो दिनों तक शव को शवगृह में रखा। बुधवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन को साैंप दिया गया। बुटाना थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
बैरसाल निवासी रामपाल 30 मार्च की रात को किसी काम के लिए बाइक पर सवार होकर घर से निकले थे। गांव के नजदीक ही उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गए। हादसे में उन्हें सिर में गंभीर चोट आई। उनको सिविल अस्पताल में पहुंचाया गया। वहां डाॅक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रामपाल केंद्र सरकार की प्रिंटिंग प्रेस में कार्यरत थे। उनके दो बेटे हैं, दोनों कनाड़ा में हैं। दोनों बुधवार को करनाल पहुंचे। इसके बाद परिजन ने शव का अंतिम संस्कार किया।
-
हेलमेट पहना होता तो बच सकती थी जान
बाइक सवार रामपाल ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। इस कारण से उन्हें सिर में गंभीर चोट लग गई। बुटाना थाना के पुलिस जांच अधिकारी देवेंद्र ने बताया कि हादसे के समय रामपाल ने अगर हेलमेट पहना होता तो उनकी जान बच सकती थी। उन्होंने आमजन से बाइक चलाने के दाैरान हेलमेट लगाने की अपील की।