कुरुक्षेत्र। सेक्टर-4 में घर के बाहर बेंच पर बैठी महिला से पता पूछने के बहाने बाइक सवार दो बदमाश गले से सोने की चेन झपट कर फरार गए हो गए। घटना के बाद से क्षेत्र में सेक्टरवासी सहमे हुए हैं। महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
थाना सदर थानेसर में दर्ज शिकायत में मीना रानी वासी सेक्टर-4 ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे वह अपने घर के सामने बेंच पर बैठी थी। उसके साथ पड़ोस की भी दो-तीन महिलाएं भी बैठी हुई थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनके पास आए, जिनमें पीछे बैठा युवक पता पूछने लगा। जब वह उनसे बातचीत कर रही थी, तभी अचानक से उस युवक ने गले से उसकी सोने की चेन झपट कर तोड़ ली। जब तक वह कुछ समझती युवक अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गया। बताया कि उसकी सोने की चेन करीब डेढ़ तोले की थी, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपये थी। आरोपियों की बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।