संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। मैक्स गुरुकुल में शनिवार को इंटर हाउस एथलीट मीट का आयोजन किया गया। मैक्स गुरुकुल व मैक्स इंटरनेशनल स्कूल के दस सदनों से छात्रों ने भाग लिया। लड़कों में भावेश व चिराग और लड़कियों में ईशु व जया को जूनियर बेस्ट एथलीट चुना गया। सीनियर बेस्ट एथलीट के लिए लड़कियों में सुखमन व लड़कों में कृष्णा को चुना गए।
प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, रिले रेस, हर्डल, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट आदि खेल हुए। सुप्रीम कोर्ट अधिवक्ता तेजस्वी कुमार शर्मा मुख्यातिथि रहे। उन्होंने कहा कि मैं पेशे से वकील जरूर हूं पर मेरी आत्मा खेलों में ही बसती है। खेल जीवन का अहम हिस्सा है, इसलिए हर अभिभावक और शिक्षक की ओर से बच्चों को खेलने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाए जाने चाहिए।
स्कूल चेयरमैन मुकेश बंसल ने कहा कि आज की भागदौड़ व तनावशील भरे जीवन में खेल ही उत्तम उपचार हैं। स्कूल डायरेक्टर कपिल गुप्ता ने खेलों को अनिवार्य बताया। प्रतियोगिता में सभी सदनों के बच्चों ने 110 स्वर्ण पदक, 115 रजत पदक और 120 कांस्य पदक हासिल किए।