करनाल। ठाकुर धूम सिंह की याद में आयोजित महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के चौदहवें दिन दो मैच खेले गए। पहला मैच भारत क्रिकेट अकादमी और फ्यूचर स्टार क्रिकेट अकादमी के बीच हुआ। दूसरा मैच क्रिकेट वीड नागेश और महिला क्रिकेट कम्युनिटी के बीच खेला गया। भारत क्रिकेट अकादमी ने 102 रन से जीत हासिल की। क्रिकेट वीड नागेश ने पांच विकेट रहते मैच अपने नाम किया।
पहले मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत क्रिकेट अकादमी की टीम ने 40 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 224 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उत्तरी फ्यूचर स्टार क्रिकेट अकादमी की टीम 33 ओवर में 122 रन पर ऑल आउट हो गई। भारत क्रिकेट अकादमी की बल्लेबाज कशीस ने 119 गेंदों पर शानदार 108 रनों की नाबाद पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं। उन्होंने पूरी प्रतियोगिता में अब तक सबसे अधिक रन बनाए हैं। वहीं टीम की गेंदबाज व कप्तान आस्था ने आठ ओवर में 18 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए।
दूसरे मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए महिला क्रिकेट अकादमी की टीम ने 36.1 ओवर में 161 रन पर ऑल आउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रिकेट वीड नागेश की टीम ने 26.1 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 162 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। क्रिकेट वीड नागेश टीम की बल्लेबाज भूमिका ने 62 गेंदों पर 48 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं।