- उपहारों की दुकानों पर भाइयों के लिए परफ्यूम, जिम प्रोटीन, वॉलेट और घड़ी की हुई खरीदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। भाई दूज के अवसर पर बाजार में उपहारों की दुकानों पर खूब रौनक देखने को मिली। भाई-बहनों ने एक-दूसरे को खुश करने के लिए अपनी पसंद और जरूरत के अनुसार उपहार खरीदे। बहनों ने भाइयों के लिए इत्र, व्यायाम प्रोटीन, बटुआ और घड़ी जैसे उपयोगी उपहार पसंद किए। वहीं, भाइयों ने अपनी बहनों के लिए चांदी की पायल, अंगूठियां और चाबी के गुच्छों की खरीदारी की।
इस बार उपहारों में केवल पारंपरिक चीजें ही नहीं थीं। रोजमर्रा के इस्तेमाल की वस्तुओं को भी प्राथमिकता दी गई। युवतियों ने फिटनेस का ध्यान रखने वाले भाइयों के लिए व्यायाम प्रोटीन जैसे उपहार खरीदे। भाइयों ने बहनों के लिए चांदी की पायल और अंगूठियों के साथ छोटे और आकर्षक उपहार पसंद किए। उपहारों की खरीदारी में हर उम्र के लोगों ने उत्साह दिखाया। उपहार की दुकानों पर फोटो फ्रेम और चाबी के गुच्छों की भी अच्छी मांग देखी गई।
भाई-बहन उपहार में देने के लिए बनवा रहे फोटो फ्रेम
दुकानदार सचिन ने बताया कि इस भाई दूज पर फोटो फ्रेम के ऑर्डर सबसे अधिक आ रहे हैं जिसमें भाई या बहन उपहार देने के लिए बनवा रहे हैं। पहले इसका चलन कम हो गया था लेकिन इस बार फ्रेम बनवाए जा रहे हैं। इसके अलावा बहनें वॉलेट खरीद रही हैं जो भाई को उपहार देने में भाई के लिए काफी शुभ भी माना जाता है।
बहनों के लिए हल्के वजन की सोने व चांदी की चेन की गई पसंद
दुकानदार सौरभ ने बताया कि भाई दूज पर बहनों के लिए भाइयों ने चांदी की पायल और अंगूठियों की खरीदारी की। आर्टिफिशल गहनों की खरीदारी पर जोर देखा जा रहा है जिसमें भाई छोटे गहने जैसे पायल, अंगूठी और चांदी व सोने की हल्की चेन खरीद रहे हैं। हर साल भाई दूज पर उपहार देने के लिए हल्के वजन के गहने खरीदे जाते हैं।