संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। वेस्टइंडीज व पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच पर चल रहे सट्टे के धंधे का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। आरोपी सेक्टर 16 निवासी आशीष उर्फ आशु के खिलाफ सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कर्ण पार्क में मैच पर सट्टा खेला जा रहा है। आशीष सट्टे की आईडी व एप से पैसे जीतने का लालच देकर ऑनलाइन धंधा कर रहा है। तभी पुलिस टीम ने सुनियोजित ढंग से दबिश दी।
पुलिस को देखकर उसने मौके से खिसकने की कोशिश की तभी उसे पकड़ लिया। उसके पास से मोबाइल, डायरी व पैन बरामद किया है। फोन की जांच की तो ऑनलाइन एप खुली थी जिस पर वेस्टइंडीज व पाकिस्तान के बीच चल रहे मैच का स्कोर दिखाई दे रहा था। पाकिस्तान की टीम बॉलिंग कर रही थी। सटोरिये की डायरी खोलकर जांची तो उसमें विक्की, हर्षित व अन्य नाम अंकित थे। आईडी, पासवर्ड व मैच का हिसाब-किताब लिखा था। पूछताछ में युवक ने बताया कि सोशल मीडिया एप पर एक विज्ञापन से उसे व्हाट्सएप नंबर मिला था। उसे सट्टे की ऑनलाइन आईडी व्हाट्सएप के जरिये मिलती है। वह इन आईडी को रिचार्ज करवाकर अपने ग्राहकों को देता है जो इन आईडी एप पर पैसे दाव पर लगाते हैं। वह उनका लेनदेन का हिसाब अगले दिन कर देता है। जांच अधिकारी सहायक उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार का कहना है कि मामले की जांच जारी है।