सरकारी बैंकों में हड़ताल के चलते बुधवार को कुरुक्षेत्र में लेन-देन पूरी तरह से प्रभावित रहा। कर्मचारी बैंकों के बाहर एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
इस हड़ताल के कारण जिला में सौ करोड़ रुपये का लेन देन प्रभावित होने का संभावना जताई जा रही है। हड़ताल के चलते उपभोक्ता लोगों को खासी परेशानी हुई।
शाम होते-होते कुछ एटीएम मशीनों में कैश भी समाप्त हो गया। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ एसोसिएशन चंडीगढ़ मंडल के सहायक महासचिव हवा सिंह रंगा ने बताया कि यह हड़ताल बैंक कर्मचारियों के वेतन समझौते के प्रति केंद्र सरकार तथा भारतीय बैंक संघ के उदासीन रवैये के कारण हुई है।
रंगा के अनुसार बैंक कर्मियों का वेतन समझौता 1 नवंबर 2012 से लागू होना था समय पर बैंक यूनियनों द्वारा मांग पत्र पेश किए जाने के बावजूद अभी तक सरकार ने वेतन समझौता लागू नहीं किया, जिसके कारण कर्मचारियों ने हड़ताल की।
रंगा के मुताबिक बैंकिंग सुधारों के नाम पर इंडस्ट्री को तहस नहस करने के लिए बनाई जा रही सरकारी योजनाओं के विरुद्ध में भी बैंक यूनियनों द्वारा इस हड़ताल का आह्वान किया गया। रंगा ने कहा कि इस हड़ताल के कारण जिला में 100 करोड़ रुपये का लेन-देन प्रभावित हुआ है।
भारतीय स्टेट बैंक अधिकारी संघ के क्षेत्रीय सचिव गुलशन कुमार ग्रोवर ने बताया कि बैंक कर्मचारियों को सरकार ने इस हड़ताल के लिए मजबूर किया है। बैंक कर्मी कभी भी उपभोक्ताओं को असुविधा नहीं देना चाहते।
भारतीय बैंक संघ व केंद्र सरकार ने बैंक कर्मियों को मात्र 5 प्रतिशत वेतन वृद्धि का प्रस्ताव रखा है। जबकि पिछले 5 वर्ष में महंगाई दोगुनी बढ़ गई है इतनी कम वेतन वृद्धि का प्रस्ताव बैंक कर्मियों के साथ भद्दा मजाक है। उनके अनुसार सरकार को चाहिए कि बैंक कर्मियों के जोखिम पूर्ण कार्य को देखते हुए महंगाई के हिसाब से उचित वेतन वृद्धि का प्रस्ताव पेश किया जाए।
भारत जैसे विकासशील देश में बैंकिंग सुधारों के नाम पर सरकार जो गंदा खेल खेलना चाह रही है उससे न तो देश का, न ही जनता का, न ही बैंक कर्मियों का भला होने वाला है।
भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, ओरिएंटल बैंक व अन्य सभी बैंकों के अधिकारी, कर्मचारी ने युनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के बैनर तले अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगा कर केंद्र सरकार व बैंक संघ के विरुद्ध रोष प्रकट कर किया। इस अवसर पर विनय, मोहन लाल, गुरदीप, पवन कुमार, बालकृष्ण, अशोक नैय्यर, सतीश कुमार मौजूद रहे।