- राज्य कार्यकारिणी के आह्वान के बावजूद करनाल आईएमए ने हड़ताल रखी जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की राज्य स्तरीय कमेटी की प्रदेश सरकार के साथ वार्ता के बावजूद करनाल आईएमए ने चौथे दिन भी हड़ताल जारी रखी। जिस कारण वीरवार को भी आयुष्मान कार्ड धारकों को इलाज नहीं मिल पाया। अब करनाल आईएमए शुक्रवार को बैठक कर आगामी निर्णय लेगी।
आयुष्मान पैनल से जुड़े निजी अस्पतालों के सरकार के पास करीब 18 करोड़ रुपये अटके हुए हैं। ऐसे में उनका भुगतान न होने व मुख्य मांग पूरी न होने के चलते इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने पूर्ण हड़ताल की है। जो कि पांच जुलाई तक चलनी थी लेकिन तीन जुलाई की देर रात आईएमए की राज्य कार्यकारिणी की बैठक प्रदेश सरकार के साथ हुई। जिसके बाद आईएमए हरियाणा ने जिला स्तर पर हड़ताल को 15 जुलाई तक टालने का निर्णय लिया लेकिन यह राज्य आईएमए का निर्णय करनाल आईएमए ने मानने से इनकार कर दिया।
ये हैं मुख्य मांगें
समय पर भुगतान हो और एमओयू की शर्तों के अनुसार जारी किया जाए, जिसमें देरी के लिए एक फीसदी दंडात्मक ब्याज हो। पूर्व-स्वीकृति के बाद कटौती और अस्वीकृतियों को रोका जाए। टीएमएस-2 पोर्टल में तकनीकी समस्याओं का समाधान या पहले कार्यात्मक टीएमसी-1 की वापसी हो। हरियाणा में एचबीपी-2022 पैकेजों के कार्यान्वयन को शीघ्र किया जाए। दस्तावेजीकरण आवश्यकताओं को सरल बनाया जाए ताकि वे बाधा न बनें। जुर्माने लगाने की नीतियों को और तार्किक बनाया जाए। जांच अधिकारियों और कर्मचारियों के व्यक्तिगत उत्पीड़न को रोका जाए।