संवाद न्यूज एजेंसी
तरावड़ी। तखाना गांव में सोमवार दोपहर को 1:30 बजे के करीब बाइक पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने किराना दुकानदार अजय की गर्दन पर चाकू रखकर लूटने की कोशिश की। शोर मचाने से वहां भीड़ एकत्रित हो गई। बदमाश दुकानदार के पैर में चाकू मारकर भाग गए। दुकानदार का मोबाइल फोन छीन ले गए।
तखाना गांव निवासी अजय कुमार ने तरावड़ी थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 मार्च को दोपहर करीब सवा एक से डेढ़ बजे के बीच वह अपनी किराना दुकान पर माैजूद थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश आए। एक युवक के हाथ में चाकू था। उसने उनकी गर्दन पर चाकू रख दिया और गल्ले से रुपये निकालने की कोशिश की।
अजय के शोर मचाने पर आसपास के दुकानदार और राहगीर एकत्रित हो गए। भीड़ को देख तीनों बदमाश घबरा गए। एक बदमाश ने उनके पैर पर चाकू से वार किया। तरावड़ी थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।