संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। नीलोखेड़ी में लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे अजय के परिवार पर लड़की पक्ष के लोगों ने हथियारों से हमला किया। माता-पिता की पिटाई की। युवती को जबरन अपने साथ ले गए। अजय की शिकायत पर बुटाना थाना पुलिस ने पिटाई, अगवा करने सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अजय ने बताया कि वह असंध क्षेत्र की एक युवती को काफी लंबे समय से जानता है। दोनों शादी करना चाहते हैं। दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। लड़की पक्ष के लोग सहमत नहीं थे। उन्होंने 31 दिसंबर, 2025 को महिला थाने में डीएसपी के समक्ष पेश होकर पुलिस सुरक्षा मांगी थी। इसके बाद दोनों सेफ हाउस में भी रहे। दोनों के बयान होने के बाद सुरक्षा हटा दी गई। इसके बाद दोनों नीलोखेड़ी में ही रहने लगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि 15 जनवरी की शाम को लड़की पक्ष के 10-11 लोग हथियारों के साथ उनके घर में घुसे। उन पर हमला कर दिया। माता-पिता की भी पिटाई की। आरोपी जबरदस्ती उनके साथ रह रही युवती को ले गए। बुटाना थाना प्रभारी राजपाल सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांच नामजद सहित कई अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।