करनाल के कर्ण स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय राज्य यूथ एथलेटिक्स प्रतियोगिता का हुआ आगाज पहले दिन दोपहर बाद शुरू हुई प्रतियोगिता में तेज धूप के बाद भी खिलाड़ियों का हौसला कम नही हुआ और प्रदेश भर से आए एथलीटों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के पहले दिन 100, 110, 400 मीटर हर्डल, 200, 400, 800 और 3000 मीटर दौड़ के इवेंट आयोजित किए गये। वहीं, शॉट पुट, हाई जंप, लांग जंप, हैमर थ्रो इवेंट में महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
एथलेटिक्स हरियाणा के महासचिव राजकुमार मिटान के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार राज्य यूथ एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 1 जनवरी 2005 से 31 दिसंबर 2006 तक आयु के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इस प्रतियोगिता के पदक विजेता खिलाड़ी भारतीय एथलेटिक महासंघ ( एएफआई ) के द्वारा दिए गये उचित मापदंडो के अनुसार टी टी नगर स्टेडियम भोपाल ( मध्यप्रदेश ) में तीन दिवसीय 17वीं नेशनल यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगे और हरियाणा के जो भी एथलीट खिलाड़ी नेशनल यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पदक विजेता बनेंगे, वे एथलीट खिलाड़ी एथलेटिक्स फेडरेशन आफ इंडिया (एएफआई ) के दिशा निर्देश अनुसार चौथी यूथ एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 13 से 16 अक्टूबर तक होने वाली तीन दिवसीय प्रतियोगिता में भाग लेकर हरियाणा राज्य और भारत वर्ष देश का नाम रौशन करने का कार्य करेंगे।
सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को एथलेटिक्स हरियाणा के उपाध्यक्ष राजीव खत्री, वरिष्ठ संयुक्त सचिव कुलदीप अहलावत, प्रतियोगिता निदेशक जितेंद्र बांगर और मुख्य चयनकर्ता यशपाल चोपडा, कोषाध्यक्ष जसवंत सिवाच, एथलेटिक्स कोच सतीश पंघाल, ऋषि कुमार मीडिया प्रभारी सत्यवीर धनखड और मोहित सैनी ने पदक विजेता बनने की बधाई प्रदान की।