सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार जिले में तैनात पैरा लीगल वालंटियरों की ड्यूटी पुलिस थानों में लगाई जाएगी ताकि वे गुमशुदा बच्चों से संबंधित शिकायतों तथा बच्चों के साथ होने वाले अपराधों पर नजर रख सकें। चीफ ज्यूडीशियल मजिस्ट्रेट एवं जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव गगनदीप मित्तल ने बताया कि जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के माध्यम से पांच पैरा लीगल वालंटियर जिले के विभिन्न पुलिस थानों तैनात किए जाएंगे।
ये वालंटियर जनवरी के हर सोमवार को शिफ्ट वाइज इन थानों में ड्यूटी देकर बच्चों की गुमशुदगी तथा उनके खिलाफ होने वाले अपराधों के संदर्भ में सूचना एकत्रित करेंगे। इस कार्य के लिए पैरा लीगल वालंटियर को पुलिस स्टेशन में ड्यूटी देने के लिए 250 रुपये प्रति दिन मिलेंगे।
ये देंगे ड्यूटी
जिन पैरा लीगल वालंटियर की ड्यूटी अलग-अलग पुलिस स्टेशन में रहेगी, उनमें नीलम रानी, थाना शरह कैथल और सदर कैथल सहित सिविल लाइन कैथल में रहेंगी। इसी तरह पैरा लीगल वालंटियर रिंपी निवासी देवबन पुलिस थाना कलायत व तितरम में ड्यूटी देगी। रसूलपुर निवासी काजल गुहला, चीका व सीवन, नैना गांव की सुनीता ढांड और पूंडरी तथा पैरा लीगल वालंटियर रोहताश निवासी गुलियाना राजौंद थाना में ड्यूटी देंगे। ये वालंटियर किसी भी विवाद या समस्या की स्थिति में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।