करनाल। शहरी क्षेत्र से बाहर विकसित हुई अवैध कॉलोनियों के नियमितीकरण के लिए जिला नगर योजनाकार को अब तक 35 कॉलोनियों के आवेदन मिले हैं। इनमें सुविधाओं व अभिलेखीय सत्यापन का कार्य शुरू कर दिया गया है। पिछले दिनों पांच कॉलोनियों के आवेदनों को मंडलायुक्त कार्यालय से वापस आने के बाद उन पर दोबारा चर्चा की गई। जिसमें पाया गया कि असंध की सफीदो रोड स्थित एक कॉलोनी खुशी एन्क्लेव मानक पर खरीद उतरी है। जिसे मान्यता के लिए स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
उपायुक्त अनीश यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय स्क्रूटनी कमेटी की बैठक में डीटीपी गुंजन वर्मा ने बताया कि पिछली बैठक में पांच कॉलोनियों को अनुशंसा के लिए भेजा था। जिसे मंडलायुक्त ने अवलोकन के बाद कमेटी को कार्रवाई के लिए वापस भेजा है। इसमें असंध के सफीदों रोड पर खुशी एन्कलेव का आवेदन में सभी मानक पूरे पाए गए हैं। अवैध कॉलोनियों को निर्धारित किए गए मानदंडों के आधार पर नियमित करने के लिए 19 जुलाई 2022 को एक पॉलिसी सरकार ने लागू की थी, जिसकी अवधि 18 जुलाई को समाप्त होगी।
उपायुक्त ने बताया कि पॉलिसी की अवधि समाप्त होने के बाद अब तक प्राप्त आवेदनों के कॉलोनाइजरों को मानक पूरे करने के लिए डीटीपी कार्यालय की ओर से कहा जाएगा।
इसके बाद भी नॉर्म पूरे नहीं होते तो, इन कॉलोनियों को अवैध मानते हुए कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इनमें प्लॉटों की रजिस्टरी नहीं होगी, बिजली के कनेक्शन नहीं होंगे और न ही सरकार की ओर से कोई सुविधा दी जाएगी। बैठक में डीडीपीओ राजबीर खुंडिया, जन स्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन प्रशांत सिलवानिया, बी एंड आर के एक्सईएन संदीप सिंह, पंचायती राज विभाग के एक्सईएन परमिन्द्र सिंह, तहसीलदार ललिता, उप अग्निशमन अधिकारी रणदीप सिंह तथा जिला परिषद के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।