मधुबन द्वितीय बटालियन के एएसआई राकेश कुमार ने मॉडल टाउन स्थित अपने घर
पर सोमवार दोपहर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। राकेश की ड्यूटी चंडीगढ़ में
सिक्योरिटी ब्रांच में लगी हुई थी और दो दिन की छुट्टी के बाद सोमवार को
राकेश को चंडीगढ़ पहुंचना था। दोपहर के समय घर पर बंदूक से राकेश ने गले
में गोली मार ली।
राकेश को घायल अवस्था में पड़ोसी कल्पना चावला राजकीय
मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों से उसे मृत घोषित कर
दिया। एएसआई की मौत से परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एएसआई की मौत के
कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस कागजी कार्रवाई में लगी हुई है।
पुलिस फिलहाल घरेलू कलह के चलते मामले को देख रही है।
जानकारी के
अनुसार मॉडल टाउन स्थित मकान नंबर 563 वासी एएसआई राकेश कुमार मधुबन स्थित
द्वितीय बटालियन का जवान था। उसकी ड्यूटी चंडीगढ़ में सिक्योरिटी ब्रांच
में लगी हुई थी। दो दिन की छुट्टी के बाद उसे ड्यूटी पर पहुंचना था, लेकिन
उसने घर पर ही बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज
पड़ोसियों को सुनाई दी और घर के अंदर गए। घर में राकेश लहूलुहान अवस्था में
पड़ा मिला। पड़ोसियों ने उसे अस्पताल तक पहुंचाया।
2009 में हुई थी राकेश की शादी
परिजनों
ने बताया कि राकेश की शादी वर्ष 2009 में करनाल जिले के गोगड़ीपुर गांव
वासी कविता से हुई थी। उनकी चार साल की एक बेटी सभ्यता है। राकेश की मौत की
खबर सुनते ही गोगड़ीपुर से ग्रामीण पहुंचे। राकेश के परिजनों का रो-रोकर
बुरा हाल है।
बंगलूरू में रहते हैं पिता
एएसआई राकेश कुमार के
पिता ओमप्रकाश सरकारी वकील से रिटायर्ड हुए हैं और वह अब बंगलूरू में रहते
हैं। राकेश मॉडल टाउन स्थित घर पर बच्चों के साथ रहता था। पिता कोे राकेश
की मौत की सूचना दे दी गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा मौत का कारण
जिस
समय मृतक राकेश कुमार ने घर में अपने आपको गोली मारी उस समय उसकी पत्नी घर
पर ही मौजूद थी। पुलिस को दिए बयान में मृतक की पत्नी ने बताया कि उनका
आपस में घरेलू बातों को लेकर झगड़ा होता था और सोमवार को वह बच्ची को स्कूल
से लाए और बंदूक निकालकर खुद को गोली मार ली। सूचना मिलते ही पुलिस के
आला अधिकारी भी मौके पर पहुुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। करनाल पुलिस
ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एएसआई राकेश की पत्नी के
बयानों से पुलिस को कुछ शक जाहिर हुआ है कि मामला आत्महत्या का है या कोई
अन्य कारण है।
एएसआई राकेश की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत
के असली कारणों का पता चलेगा। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि
उसने आत्महत्या की है। पुलिस हर पहलू पर जांच करेगी।
- जितेंद्र गहलावत, डीएसपी, करनाल।