संवाद न्यूज एजेंसी करनाल। पुलिस ने शनिवार रात मलिकपुर रोड स्थित सालवन डेरा के पास खेत में बने मकान से दो आरोपियों को 272 किलो आयुर्वेदिक और एलोपैथिक दवाओं के पाउडर के साथ पकड़ा है। नशीला पाउडर और दवा कहां से लाए गए इसके लिए पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार असंध-सालवन रोड पर बस अड्डे के पास असंध के वार्ड नंबर-11 निवासी ब्रजभूषण और हसनपुर के पबाना निवासी सुनील को दवाओं की खेप के साथ पकड़ा गया है। आरोपी सालवन डेरा स्थित मलिकपुर रोड पर खाली कमरे में एलोथैथिक और होम्योपैथिक दवाओं को पीसकर पाउडर तैयार कर रहे थे। जहां से पुलिस ने नौ कट्टे बरामद किए। इनमें से 272 किलो आयुर्वेदिक और एलोपैथिक दवाइयों का मिश्रण पाउडर बरामद हुआ। साथ ही 25 किलो 210 ग्राम खुली एलोपैथिक दवाएं मिलीं। 10 किलो अनार दाना चूर्ण, 2000 प्लेक्सिया टेबलेट, पांच किलो अर्शकुठार, 20 किलो निंबाडा चूर्ण, 30 हजार लिवर टैबलेट मिलीं। इसके अलावा मौके से 33 किलो 656 ग्राम एलोपैथिक दवाइयां (कुल 43,600 अंग्रेजी दवाएं ) बरामद की गईं। एक चक्की, पांच लोहे के टब, दो तसले और दो मिक्सी पुलिस ने कब्जे में ली हैं। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट आयुर्वेदिक डॉ. नितिन रोहिल्ला और डॉ. सतीश भी पहुंचे और जांच की।
- अलग-अलग राज्यों में शिविर लगाकर पुड़िया में बेचते थे पाउडर
पुलिस ने बताया कि आरोपी पिछले काफी समय से एलोपैथिक व आयुर्वेदिक दवाओं को पीसकर उनका पाउडर बना रहे थे। थोक रेट में इन दवाइयों को विभिन्न जगहों से खरीदा जाता था और चक्की व मिक्सी में पीसकर पाउडर तैयार किया जाता था। इस पाउडर को पैक कर पुड़िया बनाई जाती थी। जिसे विभिन्न प्रकार की बीमारियों के इलाज की दवा बताकर बेचा जाता था। इसे बेचने के लिए अलग-अलग राज्याें में शिविर लगाते थे।
फॉरेंसिक जांच में खुलेगा दवाइयों का राज
पुलिस ने बताया कि बरामद किए गए पाउडर और दवाओं के सैंपल जांच के लिए फाॅरेंसिक लैब भेजे गए हैं। जांच के बाद ही पता चलेगा कि इन दवाओं को मिलाकर बनाया गया पाउडर कितना खतरनाक है। एसपी शशांक कुमार सावन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।