कैथल में शादी समारोह दौरान नाचते गाते समय नियमों को ताक पर रखकर अज्ञात व्यक्ति की ओर से किए गये फायर से 21 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में आरोपी को तितरम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी के कब्जे से वारदात में लाइसेंसी दो नाली 12 बोर गन बरामद कर ली गई है। पूछताछ के बाद आरोपी को अदालत में पेश कर 16 दिसंबर तक 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस प्रवक्ता आरएल खटकड़ ने बताया 28 नवंबर की रात प्रदीप वासी हरसौला के शादी समारोह में घुड़चढ़ी के बाद रिश्तेदार व परिजन उनके घर के सामने डीजे पर नाच-गा रहे थे। इससे पूर्व युवक की बहन की इसी दिन शादी संपन्न हो चुकी थी। गांव का ही करीब 21 वर्षीय संदीप भी वहां डीजे सुनने के लिए आया हुआ था। तभी किसी युवक ने अपनी लाइसेंसी गन से एक के बाद दूसरा फायर कर दिया और गोली संदीप को कंधे के नजदीक लगी।
इंदिरा गांधी मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल में लाए गए बच्चे को डाक्टरों ने पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पिहोवा के पास उसने ताव न सहते हुए दम तोड़ दिया। थाना तितरम में मृतक के भाई सतीश के बयान पर दर्ज मामले की जांच खुद थाना प्रबंधक सबइंस्पेक्टर ओमप्रकाश ने करते हुए आरोपी सतीश वासी हरसौला को गिरफ्तार कर लिया है, जो दूल्हे का पड़ोसी बताया गया। पूछताछ दौरान आरोपी ने कबूला कि शादी समारोह में बज रहे पटाखों कारण वह जोश में घर जाकर अपनी गन ले आया और मौके पर फायर कर दिए।