संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। सप्ताहभर से जिले में वायु गुणवत्ता सूचकांक में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटे में भी ऐसा ही देखने को मिला है। बुधवार देर रात एक्यूआई 103 तक रह गया था लेकिन वीरवार को 177 पहुंच गया, जोकि स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक है। प्रदूषण से बचने के लिए लोग मास्क का भी सहारा लेने लगे हैं।
प्रदूषण के कारण लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चे, बुजुर्ग व दमा पीड़ित मरीजों को हो रही है। अस्पताल में मरीजों की संख्या में निरंतर बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। नेत्र व फिजिशियन की ओपीडी में मरीजों की संख्या दोगुनी हो गई है। नेत्र रोग ओपीडी में 130 से 150 मरीज पहुंच रहे हैं।
वातावरण में नाइट्रोजन, ऑक्सीजन, कार्बन डाईऑक्साइड, कार्बन मोनोऑक्साइड आदि गैसों की उपस्थिति एक निश्चित अनुपात में रहती है। जब किसी अन्य कारणों से इनके अनुपात के संतुलन में परिवर्तन होता है तो वातावरण अशुद्ध हो जाता है।