करनाल। शहर में अगर किसी स्थान पर कूड़ा-कचरा दिखाई दें, तो उसकी शिकायत स्वच्छता एप या ई-समाधान पोर्टल पर कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त सीवरेज व जलापूर्ति से संबंधी शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 14420 पर कॉल पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। नगर निगम की टीम की ओर से निश्चित समयावधि में उसका समाधान किया जाएगा।
ये जानकारी महापौर रेनु बाला गुप्ता ने बुधवार को नगर निगम कार्यालय में लोगों की समस्याओं सुनते हुए दी। उन्होंने कई समस्याओं का अधिकारी-कर्मचारी को मौके पर बुला समाधान कराया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की शिकायतों का जल्द से जल्द समाधान किया जाए। महापौर ने निगम इंजीनियरों को निर्देश दिए कि सड़कों के गड्ढ़े भरने, सीवरेज चौक, बरसाती पानी पाइप लाइन, जलापूर्ति व स्ट्रीट लाइट को लेकर की गई शिकायत का समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सफाई निरीक्षकों को निर्देश दिए कि शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर बनाए रखें। बाजारों में अतिक्रमण न होने दिया जाए।