शनिवार आधी रात के बाद पशु तस्करों और पुलिस के बीच जमकर फायरिंग हुई। इसमें एक पशु तस्कर गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने चारों को पकड़ लिया। एक आरोपी ड्राइवर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल तस्कर इरसाद को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
सभी तस्कर यूपी के सहारनपुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों से तीन देशी पिस्तौल, एक नौ एमएम पिस्तौल व आठ कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने निसिंग थाना और सदर थाना में आरोपियों के खिलाफ हरियाणा गऊ संरक्षण एवं गऊ संवर्धन एक्ट 2016 के तहत हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। रविवार को तीन आरोपियों को कोर्ट में पेश करके दो दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ करनी हैै।
आरोपी इरसाद वासी शाहपुर बेगी, इमरान वासी बेगी नाजर, ईनाम वासी शाहपुर बेगी, आबिद वासी रूतमबेगी, रूकमुदीन वासी शाहपुर बेगी शनिवार रात को निसिंग एरिया से गाड़ी में चार पशुओं को भरकर ले जा रहे थे। निसिंग थाना पुलिस की तरफ से लगाए नाके को तोड़कर आरोपी रात एक बजे करनाल की तरफ फरार हुए। निसिंग थाना पुलिस ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम में दी। सीआईए वन के इंस्पेक्टर दीपक कुमार के नेतृत्व में दो टीमों ने काछवा पुल पर नाका लगाया।
यहां पर आरोपी अल सुबह तीन बजे पहुंचे और नाका तोड़कर पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इरसाद की गर्दन पर गोली लग गई। पुलिस ने चार तस्करों को पकड़ लिया। जबकि ड्राइवर रूकमुदीन फरार हो गया। सीआईए वन ने तीन आरोपियों को कोर्ट में पेश करके दो दिन का रिमांड लिया है। रिमांड के दौरान गाड़ी के कागजात के बारे में जानकारी ली जाएगी और इनके सहयोगियों को पकड़ना है।
फायरिंग की चार वारदात कबूली
सीआईए वन कार्यालय में डीएसपी राजकुमार कौशिक ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने करनाल में चार वारदात कबूली हैं। इसके अलावा आरोपियों ने पानीपत सहित अन्य जिले में भी वारदातें की हैं। आरोपियों ने कुंजपुरा में नाका तोड़कर टोल बैरियर के पास टोल कर्मचारी चमन लाल पर गोली चलाई थी।
बलड़ी बाईपास पर दूनार फूड की फोरच्यूनर गाड़ी को पुलिस की गाड़ी समझते हुए गोली चलाई। गो रक्षा दल के सदस्यों द्वारा घीड़ व बड़ा गांव के बीच लगाया नाका तोड़कर फायरिंग की थी। अक्टूबर 2015 में इंद्री एरिया में यमुना नदी के बांध पर डेरा सिकलीगर के पास पुलिस कर्मचारी पर गोली चलाई।