करनाल। वेतन बढ़ोतरी सहित अन्य मांगों के समर्थन में आंगनबाड़ी वर्कर्स और हेल्पर्स 90 दिन से हड़ताल पर हैं। सोमवार को उन्होंने शहर में थाली बजाकर रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। वहीं वर्कर्स की तालमेल कमेटी ने मंगलवार को महिला दिवस को विरोध दिवस के रूप में मनाने का एलान किया है। शहर में रोष प्रदर्शन कर दोपहर को कमेटी चौक पर पुतला फूंकेंगे।
कमेटी के पदाधिकारियों का कहना है कि सरकार हठधर्मिता छोड़कर मांगों को पूरा करे। महिलाएं सड़कों पर बैठने को मजबूर हैं। हड़ताल के 90वें दिन सोमवार को फव्वारा पार्क मे सैकड़ों वर्कर्स एकत्रित हुईं। पार्क से थाली बजाते हुए शहर में प्रदर्शन किया। कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के सामने प्रदर्शन खत्म किया गया। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला प्रधान रूपा राणा और संचालन नीलम ने किया।
उन्होंने कहा कि मंगलवार को अन्य वर्कर्स और आम महिलाएं भी सड़कों पर उतरेंगी। पहले कर्ण पार्क में इकट्ठा होंगी। वहां से प्रदर्शन करते हुए कमेटी चौक पहुंचेंगी। इस अवसर पर धीरज सिंह रावत, सतपाल सैनी, ओपी माटा, जगपाल राणा, बिजनेश, रामा राणा, रीना सरोज, आशा और कमलेश मौजूद रहे।
10 को रोहतक में बैठक करके लेंगे आगामी निर्णय
यूनियन के नेताओं ने बताया कि तालमेल कमेटी ने 10 मार्च को रोहतक में प्रदेश के किसान, मजदूर, कर्मचारी, महिला संगठनों, सामाजिक संगठनों, संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं की बैठक बुलाई है। इसके बाद हरियाणा के गांवों में टीम बनाकर आम जनता के बीच अभियान चलेगा। यह अभियान चलाते हुए आम जनता को जोड़कर राज्य स्तरीय महापंचायत या रैली की जाएगी। जिसकी घोषणा 10 मार्च को होगी।