करनाल। रामनगर में किराए पर रहने वाले एक 70 वर्षीय बुजुर्ग ईश्वर सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के नीले पड़े शरीर को देखने से अनुमान लगाया जा रहा था कि उनकी मौत सर्प दंश से हुई है।
थाना रामनगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला के शवगृह पहुंचा दिया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद खुलासा होगा कि बुजुर्ग की मौत कैसे हुई है।
मृतक को मकान मालिक ने घर में उगी घास को काटने के लिए कहा था। बुजुर्ग मंगलवार को घास काट रहा था और उसके बाद वहीं लेट गया। पड़ोसियों ने सोचा कि शराब का सेवन किया होगा।
बुधवार सुबह जब बुजुर्ग नहीं उठा तो मौसी की बेटी ने दरवाजा खोला। तब पता चला कि बुजुर्ग की मौत हो चुकी है। बुजुर्ग के शरीर पर नीला निशान देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि उसे घास काटते समय सांप या अन्य किसी जहरीले जीव ने काटा होगा। ब्यूरो