हादसे के दौरान सड़क पर गिरे सैनिक, मौके पर मौजूद भीड़। अमर उजाला
करनाल। नेशनल हाईवे-44 के बलड़ी चौक फ्लाईओवर पर शनिवार दोपहर स्विफ्ट कार और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में 48 वर्षीय सैनिक रामदूत गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका बायां पैर टूट गया। हादसे के बाद वह करीब आधे घंटे तक सड़क पर पड़े रहे। आरोप है कि सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। डायल-112 की टीम ने अपनी गाड़ी से उन्हें नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के खुर्जा की प्रीत कॉलोनी निवासी रामदूत ने बताया कि वह सेना में सिपाही हैं। पंजाब के दप्पर से बुलेट मोटरसाइकिल पर घर जा रहे थे। बलड़ी फ्लाईओवर पर आगे चल रही स्विफ्ट कार के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे वह बाइक पर नियंत्रण नहीं रख पाए और उनकी मोटरसाइकिल कार से टकरा गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। रामदूत ने बताया कि करीब आधे घंटे तक इंतजार करने के बाद भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची।
थाना प्रभारी तरसेम चंद ने बताया कि घायल के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। एंबुलेंस आने में देरी होती देख घायल को डायल-112 ईआरवी की गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया गया।