माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। जिला कोर्ट कॉम्प्लेक्स में सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने फायर अलार्म सिस्टम और लिफ्ट बदलने का निर्णय लिया है।
इस कार्य पर 26 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे और इसे लोक निर्माण विभाग की ओर से पूरा किया जाएगा। कोर्ट परिसर में मौजूदा फायर अलार्म सिस्टम को आधुनिक तकनीक से अपडेट किया जाएगा। नया सिस्टम ज्यादा संवेदनशील और तेज़ी से प्रतिक्रिया करने वाला होगा, जिससे किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत अलर्ट मिल सके।
कोर्ट परिसर में लगी 10 व्यक्तियों की क्षमता वाली पुरानी चार लिफ्ट को भी बदला जाएगा। वर्तमान लिफ्ट काफी पुरानी हो चुकी है और आए दिन उसमें तकनीकी खराबी आने की शिकायतें मिल रही थीं। नई लिफ्ट अधिक सुरक्षित और उन्नत तकनीक से युक्त होगी, जिससे न्यायालय में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
इस पूरे प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई है। विभाग जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू करेगा। अधिकारियों के अनुसार, काम को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा ताकि कोर्ट की कार्यप्रणाली पर असर न पड़े।
सुविधाओं में होगा सुधार ः नए फायर अलार्म सिस्टम और लिफ्ट से न केवल सुरक्षा बेहतर होगी, बल्कि कोर्ट में आने वाले वकीलों, न्यायाधीशों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को भी सुविधा मिलेगी। प्रशासन का यह कदम न्यायालय परिसर को अधिक सुरक्षित और आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।