उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के कॉल्विन अस्पताल के पास गैंगस्टर अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। जिसके बाद करनाल में शनिवार की देर रात पुलिस सड़क पर उतर आई। नाके लगाकर वाहनों की चेकिंग शुरू की गई। उत्तर प्रदेश की सीमा से लगने वाले इलाकों में चेकिंग अधिक रही।
असल में दोनों की हत्या का वीडियो वायरल होने के चलते पुलिस को माहौल बिगड़ने की आशंका रही, जिसके चलते एहतियातन पुलिस की टीमों को जांच में उतारा गया। बार्डर के इलाकों में आने जाने वालों की सघन जांच करीब चार घंटे तक चली। चेकिंग में पुलिस के बड़े अधिकारियों के साथ ही थाना और चौकी पुलिस के कर्मचारी भी मौजूद रहे।
हालांकि पुलिस इसे रूटीन चेकिंग ही बता रही है, लेकिन सूत्रों की मानें तो माहौल को नियंत्रण में रखने के लिए जिला पुलिस की ओर से एहतियातन चेकिंग अभियान का कदम उठाया गया। उधर, सोशल मीडिया को भी पुलिस की ओर से खंगाला जा रहा है, अगर कहीं अतीक अहमद या अशरफ की हत्या का वीडियो चल रहा है तो उसे हटवाया जा रहा है।