उद्योग मार्ग पर प्लाईवुड फैक्टरी के पास बलराज नगर में बने शराब के ठेके को लेकर लोग शनिवार को भड़क उठे। कॉलोनी की महिलाओं और पुरुषों ने शराब के ठेके को बंद करवाने की मांग को लेकर उद्योग मार्ग पर अवरोधक डालकर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक लगे जाम के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर लोगों ने जाम खोला।
कॉलोनी वासी कमलेश, संतोष, खजानी, सरोज, नीता, रानी, अनीता, पूनम, सोनिया, रामस्वरूप, कर्मचंद, जगदीश जयपाल, प्रकाश ने बताय कि उद्योग मार्ग पर चौक प्लाईवुड फैक्टरी के पास बलराज नगर में शराब का ठेका है। यहां हर रोज शराबी शराब पीकर हुड़दंग मचाते हैं जिस कारण महिलाओं सहित स्कूली विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। शराब के ठेके और खुर्दों को बंद करवाने की मांग को लेकर कई बार अधिकारियों से गुहार लगाई जा चुकी है लेकिन कोई असर नहीं हो रहा।
शराबी यहां हर रोज हुड़दंग मचाते हैं। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा इस मार्ग पर गश्त भी नहीं की जाती जिस कारण यहां ऐसे लोगों के हौसले ज्यादा ही बुलंद रहते हैं। लोगों ने कहा कि उन्हें मजबूरन जाम लगाना पड़ा है। जाम के चलते लघु सचिवालय की ओर से मॉडल टाउन जींद रोड की ओर आने-जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जाम की सूचना मिलने पर थाना सिविल लाइन से पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
अवरोध डालकर प्रदर्शन किया
शराब के ठेके को लेकर लोगों में इस कद्र आक्रोश था कि महिलाओं ने लक्कड़ डालकर मार्ग को ठप कर दिया तथा बाइक खड़ी करके किसी को भी रास्ते से गुजरने नहीं दिया जिस कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। विशेष रूप से सुबह का समय होने के कारण अपने-अपने कार्यों पर जाने वाले लोगों को काफी परेशानियां हुईं। थाना सिविल लाइन प्रभारी अश्वनी शर्मा ने कहा कि पुलिस ऐसे अपराधिक लोगों पर लगाम लगाएगी। लोगों को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।