फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnal News: त्योहार के बाद अस्पतालों में लगी मरीजों की कतार, ओपीडी में बढ़ी भीड़

Sat, 25 Oct 2025 01:29 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, करनाल
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन


करनाल। दिवाली के बाद शुक्रवार को शहर के अस्पतालों में मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली। करीब चार दिन बाद खासतौर पर जब सरकारी अस्पतालों में ओपीडी खुली तो मरीजों की कतार लग गई। जिला नागरिक अस्पताल में लगभग 2423 मरीज पहुंचे जबकि कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में लगभग 2300 के करीब लोग ओपीडी में पहुंचे। सामान्य दिनों की तुलना में यह संख्या काफी अधिक रही।

वहीं, आमतौर पर नागरिक अस्पताल की कुल ओपीडी 1800 से 2000 और मेडिकल कॉलेज की भी 2000 के करीब रहती है। लेकिन त्योहारों की वजह से छुट्टियाें के कारण शुक्रवार को मरीजों की संख्या बढ़ गई। दोपहर तक हर विभाग की ओपीडी के बाहर मरीजों की भीड़ लगी रही। चिकित्सकों को भी अतिरिक्त मरीजों को संभालने में मशक्कत करनी पड़ी। खासकर मेडिसिन, ईएनटी, हड्डी, त्वचा और बाल रोग विभागों में सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिली।
विज्ञापन

चिकित्सकों के अनुसार, 20 अक्तूबर को दिवाली, 21 को छुट्टी की उलझन, 22 को गोवर्धन पूजा और 23 को भैया दूज होने की वजह से लोग इलाज के लिए अस्पताल नहीं आ पाए। चार दिनों में केवल 21 तारीख को दिवाली और मनाने के चक्कर में लोग अस्पताल नहीं गए और कई लोग उलझन में थे कि 21 को भी सरकारी छुट्टी है। इस कारण कई मरीज इलाज कराने अस्पताल नहीं पहुंचे। इसके चलते शुक्रवार को अन्य दिनों की तुलना में हर ओपीडी के बाहर मरीजों की लंबी लाइनें लग गईं। वहीं, मेडिकल कॉलेज में भी यही हालात रहे मरीज दवाई लेने के लिए घंटों इंतजार में रहे। कई मरीज इंतजार करते करते नीचे बैठे रहे।

ओपीडी के समय में बदलाव से मिली राहत
हालांकि नागरिक अस्पताल की ओपीडी के समय में बदलाव होने से मरीजों को फायदा भी मिला जिससे पंजीकरण प्रक्रिया दो बजे तक और ओपीडी तीन बजे तक चलीं। मौसम में बदलाव के चलते ओपीडी के समय में बदलाव किया गया है जिसमे अब ओपीडी सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगी और पर्ची काउंटर का समय एक बजे से बढ़ाकर 2 बजे किया गया है जो 31 अप्रैल तक जारी रहेगा।

जनरल मेडिसिन में पहुंचे सबसे अधिक मरीज
नागरिक अस्पताल से पर्ची काउंटर से प्रवीन ने बताया कि जनरल मेडिसिन में करीब 500, चर्म रोग ओपीडी में 252, जनरल सर्जरी में 135, मनोरोग ओपीडी में 125, फलू ओपीडी में 85, हड्डी रोग ओपीडी में 210, स्त्री रोग ओपीडी में 145, दंत रोग ओपीडी में 70, बाल रोग ओपीडी में 140, फिजियोथेरेपी में 26, टीबी और श्वास रोग ओपीडी में 122, आयुर्वेदिक में 25, कान, नाक व गला रोग ओपीडी में 160 और होम्योपैथी ओपीडी में करीब 67 मरीज जांच कराने के लिए पहुंचे। इसी तरह मेडिकल कॉलेज में भी 540 के करीब नई पर्चियां कटीं तो 1732 के करीब पुरानी पर्चियों वाले मरीज पहुचें। जनरल मेडिसिन में सबसे अधिक मरीज पहुंचे। इसमें करीब 550 मरीज जांच के लिए पहुंचे जिनमें अधिकतर पुरानी पर्चियों वाले शामिल रहे। उसके बाद ऑर्थों और आंख रोग ओपीडी में सबसे अधिक मरीज पहुंचे। ऑर्थों में 251 तो नेत्र रोग ओपीडी में 190 मरीज जांच के लिए पहुंचे। वहीं बाल रोग ओपीडी में भी 102 मरीज पहुंचे। इसके अलावा, पैथालॉजी में भी मरीज टेस्ट कराने के लिए पहुंचे।
विज्ञापन

नागरिक अस्पताल में सभी मरीजों की समय पर जांच की गई। हालांकि छुट्टियों के कारण शुक्रवार को काफी भीड़ देखने को मिली। लेकिन ओपीडी के समय में बदलाव से मरीजों को राहत मिली है जिसके चलते कोई भी मरीज बिना जांच कराए नहीं गया है। पहले भी इतनी संख्या में ओपीडी रही है और सभी मरीजों को समय पर उपचार मिला है।
- डॉ. दीपक गोयल, जनसंपर्क अधिकारी जिला नागरिक अस्पताल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें