करनाल/असंध। असंध में करनाल के नागरिक अस्पताल से भी बड़ा सरकारी अस्पताल बनाया जा रहा है। बेसमेंट सहित पांच मंजिला इस अस्पताल में 100 बेड की क्षमता रहेगी। इसके अलावा आईसीयू और ट्रॉमा सेंटर की भी सुविधा रहेगी। यह सुविधा होने से सड़क हादसों में घायल व अन्य गंभीर मरीजों को तुरंत उपचार मिल पाएगा। अब तक असंध क्षेत्र के गंभीर मरीजों को करनाल के अलावा कैथल, जींद और पानीपत ले जाया जाता है। क्योंकि यहां से असंध की दूरी 45 किलोमीटर है।
नए बनने वाले भवन का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। अगले दो वर्ष यानी 20 सितंबर 2027 में इसके कार्य को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। भूतल सहित 13796 वर्ग मीटर के इस अस्पताल में अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी। अगले 40 वर्ष की आबादी और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इसके भवन को तैयार किया जा रहा है। भवन निर्माण से लेकर इसे तैयार करने तक 76.20 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
करनाल असंध मार्ग पर पुराने अस्पताल की जगह पर ही नए भवन का निर्माण किया जाएगा। इसमें सुविधाएं बढ़ाने और विस्तार के लिए जगह भी और शामिल की गई है। अभी पूरा अस्पताल पुराने अस्पताल के इमरजेंसी ब्लॉक में चल रहा है। नए भवन के बनने के कार्य के आगे बढ़ने के साथ ही पुरानी जर्जर भवन को भी गिरा दिया जाएगा।
स्टफ के कमरे सहित व गैस प्लांट लगेगा
भूतल सहित कुल पांच मंजिला इस अस्पताल में सभी जरूरी सुविधाएं दी जा रही हैं। पीडब्ल्यूडी के असंध एसडीओ शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि विशेष तौर पर गैस प्लांट भी स्थापित किया जाएगा। जोकि इमरजेंसी और ट्राॅमा सेंटर के नजदीक होगा। इसके अलावा एसएमओ व स्टाफ के लिए कमरे भी बनेंगे। ताकि यहां तैनात डॉक्टर व अन्य जरूरी स्टाफ जरूरत पर तुरंत उपलब्ध हो सके। इस तरह की सुविधा का अस्पताल करनाल के किसी भी उपमंडल में नहीं है।
पार्किंग में खड़े हो सकेंगे 200 से ज्यादा वाहन
इस अस्पताल में पार्किंग संबंधित दिक्कत भी नहीं रहेगी। यहां पर 120 बाइकों के अलावा 90 से ज्यादा कार खड़े करने की जगह बनाई जा रही है। इसके अलावा एंबुलेंस और स्टाफ के वाहनों को खड़ा करने की जगह अलग से होगी। ऐसे में सड़क किनारे वाहनों को खड़ा नहीं करना पड़ेगा। ओपीडी ब्लॉक और इमरजेंसी क्षेत्र के लिए अलग-अलग पार्किंग के लिए जगह रहेगी।
यह सुविधाएं मिलेंगी
- इमरजेंसी के लिए अलग खंड।
- ओपीडी के लिए अलग खंड।
- कई तरह की जांच के लिए लैब।
- आईसीयू सुविधा।
- एसएमओ एवं स्टॉफ क्वार्टर।
- गैस प्लांट।
- ऑपरेशन थियेटर ब्लॉक।
- तिमारदारों व मरीजों की सैर के लिए गार्डन।
असंध में 100 बेड का अस्पताल बनने से असंध विधानसभा क्षेत्र के लोगों को बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। असंध करनाल, कैथल, जींद और पानीपत से 45 किलोमीटर की दूरी पर है, ऐसे में गंभीर मरीजों को पहुंचाने में काफी परेशानी होती है। यह परियोजना सरकार की प्राथमिकता पर है।
- योगेंद्र राणा, विधायक, असंध
निर्माण कार्य दो वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यह भवन भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए मजबूती के साथ बनेगा। इसमें अत्याधुनिक सुविधाएं भी दी जाएंगी। मरीजों व तीमारदारों की जरूरत के हिसाब से हर व्यवस्था की जा रही है। कमरे भी बनाए जाएंगे।
- शैलेंद्र भाटिया, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी असंध