पानीपत। थाना किला क्षेत्र में सनौली रोड पर रविवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे वैगनआर कार की टक्कर से एक्टिवा सवार व्यापारी राकेश (42) निवासी संजय कॉलोनी की मौत हो गई। राकेश सुबह सब्जी मंडी से घर लौट रहे थे। किला थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।
वार्ड 12 निवासी प्रवीण ने बताया कि उनके छोटे भाई राकेश उर्फ राजू संजय कॉलोनी में रहते थे। उनका सीमेंट और वाल पुट्टी का काम है। रविवार को वह अपनी एक्टिवा से सब्जी मंडी गए थे। सब्जी मंडी से लौटते समय जब वह सनौली रोड पर पहुंचे तो एक तेजगति वैगनआर कार ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। हादसे में राकेश कार और डिवाइडर के बीच में फंस गए।
हादसे के बाद आस-पास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। तुरंत ही उन्हें पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर, हादसे की सूचना पर पुलिस ने वैगनआर कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि कार को एक बुजुर्ग व्यक्ति चला रहे थे। किला थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
बॉक्स
नौ माह पहले हुई थी पत्नी की मौत
प्रवीण ने बताया कि उनके भाई राकेश की पत्नी की नौ माह पहले मौत हो गई थी। उनके तीन बच्चे हैं। बड़ी बेटी बी-टेक की पढ़ाई कर रही है। वहीं, छोटी बेटी कक्षा नौ और सबसे छोटा बेटा कक्षा छह में पढ़ाई कर रहे हैं। फिलहाल सभी बच्चों की देखभाल राकेश ही कर रहे थे। हादसे ने बच्चों से सिर से पिता का साया भी छीन लिया है।