करनाल/घरौंडा। पानीपत के युवक विरेंद्र आरोप है कि उसने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए शादी का झांसा देकर तीन बच्चों की मां से दुष्कर्म किया। घरौंडा थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी महिला की तहरीर पर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। महिला का कहना है कि तीन माह पहले उसकी सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपी से दोस्ती हुई थी। शादी करने की बात पर उसने नजदीकियां बढ़ाई थीं। मामला सामने आने पर महिला के पति ने भी मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया।
घरौंडा थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब तीन महीने पहले उसकी फेसबुक पर पानीपत के विरेंद्र से दोस्ती हुई थी। विरेंद्र ने खुद को पुलिस विभाग में हवलदार बताते हुए अपनी ड्यूटी कैथल रोड पर स्थित थाने पर बताई। बातचीत के दौरान आरोपी ने उसे अपनी बातों में फंसाते हुए नजदीकियां बढ़ाईं। आरोप है कि विरेंद्र से उन्हें शादी की बात करते हुए तीन बार होटल में भी मुलाकात की। जहां उनसे जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए।
महिला का कहना है कि अब उसके परिवार वालों को इस रिश्ते की जानकारी मिली तो पति और अन्य परिजन ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया है। घर से निकलने के बाद पीड़िता ने जब आरोपी से शादी की बात की तो उसने इनकार कर दिया और अपने पास रखने से साफ मना कर दिया।
अब सहारा छिनने से महिला परेशान
शिकायत में महिला का कहना है कि अब उसके पास कोई सहारा नहीं है और वह मानसिक रूप से काफी परेशान है। शिकायत में उसने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में उसके साथ कोई अनहोनी घटना होती है, तो उसका जिम्मेदार आरोपी विरेंद्र होगा।
-महिला के साथ जबरदस्ती होने की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। महिला ने आरोपी के पुलिसकर्मी होने की बात कही है, जिसकी जांच की जाएगी। - दीपक कुमार, प्रभारी, घरौंडा थाना