करनाल। एसडी मंदिर के पास मार्केट में खाली पड़े जिम में शुक्रवार को पूनम (23) की चुनरी से गला घोंटकर हत्या करने के आरोपी सागर को एक दिन के रिमांड के बाद सोमवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए हैं। आरोपी ने प्रेम प्रसंग में युवती की हत्या की थी।
घराैंडा थाना पुलिस ने शनिवार की देर रात को यूपी के मुजफ्फरनगर के फुरकाजी गांव निवासी सागर को गिरफ्तार किया था। आरोपी को रविवार को अदालत में पेश करके एक दिन का रिमांड हासिल किया था। रिमांड के दाैरान आरोपी ने बताया था कि उसने प्रेम प्रसंग में युवती की चुनरी से गला घोंटकर हत्या की थी। आरोपी सागर ने पुलिस को बताया कि पूनम उसपर शादी का दबाव बना रही थी। युवती पहले से तलाकशुदा थी। इसलिए उसे डर था कि अगर उसने युवती से शादी नहीं कि तो वह उसे किसी भी तरह के मामले में फंसा सकती है। इसलिए उसने पहले से युवती की हत्या करने की योजना तय की। इसी के तहत शुक्रवार को युवती को खाली पड़े जिम में ले जाकर उसकी चुनरी से गला दबाकर हत्या कर दी। बता दें कि आरोपी सागर काफी समय से घराैंडा में अपने नाना के घर पर रहता था।
इसी दाैरान पूनम और सागर के बीच प्रेम प्रसंग हो गया। पूनम की डेढ़ साल पहले किसी अन्य से शादी हो गई थी, लेकिन दोनों की अनबन के कारण दोनों के बीच पंचायती तलाक हो गया था। इसके बाद पूनम आरोपी सागर से शादी करना चाहती थी। उसने सागर को कई बार शादी के लिए बोला तो वो अभी रूकने की बात कहते हुए टालता रहा था। शुक्रवार को युवती सिलाई कढ़ाई का सामान लेने के बहाने के घर से आ गई। इसी दाैरान आरोपी ने उसके साथ झगड़ा करके उसी की चुनरी से गला घोंटकर हत्या कर दी। शनिवार देर रात को पुलिस ने घराैंडा क्षेत्र से आरोपी सागर को गिरफ्तार किया था।