संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। गांव झींडा में छेड़छाड़ के शक में मीटर सील करने गई बिजली निगम और विजिलेंस की संयुक्त टीम पर ग्रामीणों ने पत्थरबाजी की थी। इस मामले में असंध पुलिस ने किसान नेता जोगिंद्र सिंह झींडा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने जोगिंद्र को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गांव झींडा में मंगलवार को मीटरों को पैक करने की कार्रवाई को लेकर बिजली निगम के एसडीओ दिनेश नैन, निसिंग एसडीओ किश्मत सिंह, एसडीओ बिजेंद्र सांगवान सहित विजिलेंस और पुलिस की टीम पहुंची थी। टीम के साथ मार्केट कमेटी असंध के सचिव दिनेश श्योकंद बतौर डयूटी मजिस्ट्रेट मौजूद थे। गांव झींडा से मीटर पैक करने के बाद बिजली निगम की टीम गांव रत्तक जा रही थी। इसी दौरान कई लोगों ने सड़क किनारे से पत्थर उठाकर गाड़ियों के पीछे से वार कर दिया। जिससे गाड़ी का पीछे वाला शीशा टूट गया था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया था।
थाना प्रभारी बलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले में आरोपी जोगिंद्र सिंह झींडा को गिरफ्तार कर लिया जबकि अन्य आरोपियों की पहचान करके जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपी को कोर्ट में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।