फर्जी पासपोर्ट मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी ने ढाई लाख रुपये में करनल की संधू कॉलोनी से फर्जी पासपोर्ट बनवाया था।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। एसपी गंगाराम पूनिया के अनुसार सीआईए टू के एएसआई मनोज कुमार की अध्यक्षता में आरोपी हरजीत सिंह उर्फ जित्ती निवासी नांगल गढ़ी फरीद जिला होशियारपुर, पंजाब को 28 फरवरी को गुरदासपुर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया। आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने अपना पासपोर्ट करनाल की संधू कॉलोनी के पते पर तेजेंदर के नाम से बनवाया था। आरोपी ने यह पासपोर्ट गिरफ्तार हो चुके आरोपी महेश नारंग, अमित खटकड़ व अन्य आरोपियों से मिलीभगत करके ढाई लाख रुपये में बनवाया था। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।