पानीपत। सीआईए-वन पुलिस ने यार्न कारोबारी ढुराना गांव के अरविंद से सवा दो लाख का धागा खरीदकर ठगी करने के मामले में जाटल रोड न्यू माॅडल टाउन सैनी कॉलोनी के प्रीत सिंह को वीरवार को गिरफ्तार कर लिया है। उसे शुक्रवार को कोर्ट से दो दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस इस दौरान ठगी की राशि बाकी आरोपियों की धरपकड़ का प्रयास करेगी।
सोनीपत के ढुराना गांव के अरविंद ने थाना चांदनी बाग पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी उग्राखेड़ी काला आंब रोड पर श्याम यार्न के नाम से फैक्टरी है। उनके पास 11 सितंबर 2025 को दीपक कपूर, प्रीत सिंह, राज रतन और राहुल कुमार आए। वे निर्मल बालाजी स्पिन टेक्स प्राइवेट लिमिटेड का सैंपल लेकर आए और धागा खरीदने की बात की। चारों ने बताया उनकी सेक्टर-25 में ओम ट्रेडर्स, महादेव इंटरप्राइजेज, नानक इंटरप्राइजेज और फर्निशिंग वाला नाम से चार फर्म हैं। वे इन्हीं फर्मों के माध्यम से व्यापार करते हैं। चारों ने उन्हें 3744 किलो धागे का ऑर्डर दिया। उसने 13 सितंबर 2025 को दो बिलों के माध्यम से दो गाड़ियों में माल लोड कराकर सेक्टर-25 स्थित उनकी फैक्टरी में भिजवा दिया। माल के भुगतान के लिए उन्होंने 2.29 लाख रुपये का एक चेक दिया। उसने बैंक में चेक लगाया तो वह बाउंस हो गया। इसके बाद उसने चारों से संपर्क कर चेक बाउंस होने की जानकारी दी और भुगतान करने के लिए कहा तो वह टालमटोल करने लगे। कई बार भुगतान के लिए कहने पर आरोपियों ने कहा कि वे लोगों को इसी तरह ठगते हैं और उसको भी अपनी ठगी का शिकार बनाया है। वे इससे पहले गुप्ता यार्न से 5.65 लाख, महादेव टेक्सटाइल मिल से 4.45 लाख और निर्मल बालाजी कॉट स्पिन से 2.10 लाख रुपये के चेक देकर ठगी की है। चांदनी बाग थाना पुलिस में अरविंद की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली थी।
सीआईए-वन के प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी प्रीत ने नामजद तीनों साथी आरोपियों के साथ मिलकर ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
फैक्टरी में नुकसान होने पर ठगी का रास्ता अपनाया
आरोपी ने पुलिस को पूछताछ में बताया उसकी टोल प्लाजा के पास प्लास्टिक दाना की फैक्टरी थी। करीब डेढ़ साल पहले नुकसान होने फैक्टरी बंद कर दी थी। उसकी दीपक कपूर, राज रतन और राहुल कुमार से अच्छी दोस्ती है। तीनों की सेक्टर 25 में फर्म है। उन चारों ने मिलकर शार्टकट तरीके से पैसे कमाने के लिए व्यापारियों के साथ ठगी करने की साजिश रची और एकाएक ठगी की वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ में खुलासा किया कि आरोपी कारोबारियों से माल खरीदकर चेक दे देते थे और चेक बाउंस हो जाते थे। पूछताछ में आरोपी ने पुसिल को बताया अरविंद से लिया 3744 किलो धागा लुधियाना धागा मार्केट में दो लाख रुपये में बेचकर रुपये बराबर चार हिस्सों में बाट लिए थे। ब्यूरो