ट्राले ने बाइक सवार दंपती को कुचला, पत्नी की मौत, पति और भतीजा चोटिल
करनाल। इन्द्री रोड स्थित गांव रंबा चौक पर एक तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर बाइक पर सवार महिला ट्राले के टायरों में फंस गई। करीब 50 मीटर तक ट्राला महिला को घसीटते हुए ले गया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पति साइड में गिर गया बाइक पर एक बच्चा भी था वह भी चोटिल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया। पुलिस ने ट्राले को कब्जे में ले लिया है। इस दौरान मौका मिलते ही ट्राला चालक फरार हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को दी शिकायत में चांदसमंद निवासी नीरज ने बताया कि उसकी एक साल पहले पिंकी देवी से शादी हुई थी जो जटपुर की रहने वाली थी। वह बाइक पर अपने भतीजे के साथ पत्नी को बिठाकर ससुराल जटपुर जा रहा था, जब वह रंबा चौक पर पहुंचा तो ट्राले ने उन्हें टक्कर मार दी जिससे पत्नी ट्राले के टायरों के बीच में आ गई। इससे पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई और उसका भतीजा चोटिल हो गया।
रंबा चौकी जांच अधिकारी विरेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी की रंबा चौक पर एक ट्रक चालक ने महिला को कुचल दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर महिला के शव को कब्जें में लेकर शव को पोस्टर्माटम के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में रखवाया गया है। चालक महिला को टक्कर मार कर ट्राला छोड़कर मौके से फरार हो गया। मामला दर्ज कर चालक की तलाश की जा रही है।
ट्रक-वैन की टक्कर में एक की मौत, 5 घायल
तरावड़ी। तरावड़ी से दो किलोमीटर जीटी रोड पर गांव शामगढ़ के पास एक ट्रक ने पहले से खड़ी ओमनी वैन को टक्कर मार दी। दुघर्टना में एक वैन सवार की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। घटना दोपहर बाद करीब 4:30 बजे की है। शिमला से रायपुर और मेरठ लौट रहे छह आदमी ओमनी वैन में सवार होकर जा रहे थे। इस दौरान शामगढ़ मॉडर्न डेरी के पास वैन रोककर खड़े थे। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि वैन में बैठे फिरोज की मौके पर ही मौत हो गई और आशीष, बाबू, वसीम, मुनासिब व दिशान बुरी तरह घायल हो गए। सूचना मिलते ही तरावड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मृतक फिरोज के शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया। मृतक की शिनाख्त फिरोज निवासी थाना किठौर जिला मेरठ के रूप में हुई है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।