फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोडवेज बस-ट्रैक्टर ट्राली में भिड़ंत, तीस घायल

Thu, 20 Feb 2014 11:48 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/कुरुक्षेत्र
विज्ञापन
विज्ञापन
नेशनल हाईवे नंबर-65 पर बिना लाइट के दौड़ रही ट्रैक्टर ट्राली हरियाणा रोडवेज की बस से जा टकराई। भीषण टक्कर में जींद डिपो की बस के अगले हिस्से के परखचे उड़ गए। बस में सवार 30 लोग जख्मी हो गए।
विज्ञापन


हादसा वीरवार तड़के हुआ। बस ड्राइवर, कंडक्टर सहित आधा दर्जन से ज्यादा सवारियों की हालत नाजुक बनी है। कंडक्टर के मुताबिक बस में चार महिलाओं सहित 45 लोग सवार थे, जिनमें लगभग 30-35 लोग जख्मी हैं।

इनमें से कुछ को आसपास के अस्पताल, जबकि अन्य घायल सवारियां बसों और दूसरे वाहनों की मदद से वापस घर की ओर लौट गईं। एक सवारी सहित रोडवेज बस के ड्राइवर को पिहोवा के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हिसार के जिंदल अस्पताल में रेफर किया गया है।
विज्ञापन


ड्राइवर की पसलियां टूटने के अलावा घुटनों और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। वीरवार तड़के 5 बजकर 30 मिनट पर नरवाना सब डिपो से बस (नंबर एचआर 56 ए-3368) चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई थी, जिसे नरवाना के गांव काबरस निवासी भीरा सिंह चला कर रहा था।


बस कंडक्टर नरवाना के गांव लौंद निवासी हरिकेश ने बताया कि बस सामान्य गति से चंडीगढ़ के लिए जा रही थी। इसी दौरान साढ़े छह बजे गांव टीकरी के निकट काजल फार्म के समीप बिना लाइट के ट्रैक्टर ट्राली उनकी बस से जा टकराई। जोरदार भिडंत में ट्रैक्टर आगे की ओर चला गया, जबकि ट्राली से टकराती हुई बस की ड्राइवर साइड का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।

बस ड्राइवर भीरा सिंह और एक अन्य सवारी को काफी अधिक चोटें लगी थीं, जिन्हें चंडीगढ़ से सिरसा जा रही हरियाणा रोडवेज की बस में बैठाकर अस्पताल पहुंचाया गया। कंडक्टर हरिकेश नरवाना के अस्पताल में दाखिल है, जबकि बस ड्राइवर को हिसार के जिंदल अस्पताल में दाखिल कराया गया है।

बस कंडक्टर के मुताबिक ड्राइवर की हालत काफी नाजुक है। उसने बताया कि बस में अधिकांश सरकारी मुलाजिम थे, जबकि करीब 10 से 15 पुलिस स्टाफ के लोग सवार थे। इनमें लगभग सभी को चोटें आई हैं, जिन्हें एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया था।


पुलिस को नहीं पता कौन था ड्राइवर, कंडक्टर, ट्राली चालक
हादसे के 13 घंटे बाद तक इस्माईलाबाद पुलिस को रोडवेज की बस के ड्राइवर, कंडक्टर, ट्राली चालक और घायलों की जानकारी नहीं थी।

जांच अधिकारी बलबीर सिंह एसआई ने रात आठ बजे बताया कि उन्हें पता चला था कि रोडवेज की बस और ट्रैक्टर-ट्राली (नंबर पीबी-65आर-2181) की जोरदार भिड़ंत हुई है। ग्रामीणों के सहयोग से घायल रामेेश्वर सिंह और भीरा सिंह को कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में दाखिल कराया गया है, लेकिन एलएनजेपी अस्पताल में इन घायलों के दाखिल होने की कोई जानकारी नहीं मिली।

पिहोवा के अस्पतालों में दाखिल
पिहोवा के मिशन अस्पताल के डॉ. अमित के मुताबिक उनके अस्पताल में चार घायलों को दाखिल कराया गया था। इनमें से बस यात्री रमेश शर्मा निवासी उचाना (जींद) की हालत बेहद नाजुक थी, जिसके कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तत्काल पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया।

रमेश शर्मा के अलावा घायल बस यात्रियों में सरोजबाला निवासी पिहोवा (कुरुक्षेत्र), संजीव कुमार निवासी दयोरा (कैथल) और दो अन्य शामिल थे। सरकारी अस्पताल के डॉ. मनप्रीत सिंह ने बताया कि भीरा सिंह निवासी करा साहेब (कुरुक्षेत्र) और रामेश्वर निवासी कैथल को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है।

दर्द से कराहते यात्रियों की निकली चीखें
भिड़ंत के साथ ही बस में चीख-पुकार से वातावरण भयावह हो गया था। कंडक्टर के मुताबिक दर्द से से पूरी बस में चीखें गूंज रही थीं। लोगों की मदद से जैसे-तैसे सभी को अस्पतालों में पहुंचाया गया।

न लाइट न रिफल्ेक्टर, कहां गए ट्रैफिक नियम
ट्रैफिक नियमों की पालना के लिए जागरूकता अभियान और कई तरह के कार्यक्रम चलाने के अलावा ऐसे वाहनों की धरपकड़ के अभियान सिफर दिखाई पड़ते हैं, जोकि हादसों को बुलावा दे रहे हैं।

नेशनल हाईवे पर ओवर लोड जुगाड़ वाहन, ट्रैक्टर ट्रालियां और ठेले नियमों को ठेंगा दिखाते बदस्तूर दौड़ रहे हैं। यहां तक की ट्रैक्टर ट्रालियों को कृषि की बजाय भट्ठों की ईंटों और बिल्डिंग मैटीरियल की ढुलाई के लिए उपयोग में लाया जा रहा है।  

ट्राली चलाई जा रही थी अनलीगल
जिस ट्राली की वजह से हरियाणा रोडवेज की बस हादसे का शिकार हुई, वह पंजाब के मोहाली से पिहोवा की एक पेपर मिल के लिए मैटीरियल लेकर जा रही थी। अंदाजा लगाया जा सकता है कि एक राज्य से दूसरे प्रांत में प्रवेश करके आई ऐसी कितनी ट्रैक्टर ट्रालियां और अन्य जुगाड़ वाहन लोगों के जीवन से खिलवाड़ कर रहे हैं।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें