करनाल। अब रोडवेज की एसी बस से करनाल से हिमाचल के धर्मशाला, मनाली और पंजाब के होशियारपुर, पटियाला व लुधियाना तक सफर कर सकेंगे। करनाल रोडवेज के बेड़े में नई 10 एसी बसें शामिल हुई हैं। इन्हें दूसरे राज्यों के लंबे मार्गों पर चलाने की विभाग ने योजना बनाई है।
रोडवेज की नई एसी बसों के आने के बाद लोगों को टूरिस्ट बसों जैसा लग्जरी सफर बेहतर सुविधा के साथ कम किराये में मिल सकेगा। नई बसों की विभाग की ओर से कागजी प्रक्रिया को पूरा किया जा रहा है। इसी माह के अंत तक दस्तावेज तैयार होने व परमिट मिलने के बाद इन्हें मार्गों पर दौड़ाया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, भविष्य में शिमला, बैजनाथ और जम्मू-कश्मीर के कटरा मार्ग पर भी एसी बस चलाने की योजना है, फिलहाल इसके लिए संबंधित प्रदेश की सरकार से एग्रीमेंट नहीं हुआ है। यदि वहां से हरी झंडी मिली तो इन मार्गों पर भी एसी बसों को चलाया जाएगा। रोडवेज के जीएम कुलदीप सिंह का कहना है कि रोडवेज के पास 10 एसी बसें पहले से संचालित हो रही हैं। अब नई बसों आने के बाद एसी बसों की संख्या बढ़कर 20 हो जाएगी।