नगरपालिका तरावड़ी में आधार कार्ड बनवाने वालों को तांता लगा रहा है। दिनभर लगी भीड़ को देखकर लगता है कि शहर के लोग इस आखिरी अवसर को खोना नहीं चाहते। इस दौरान एक ही कंप्यूटर होने के कारण लोगों ने काम में कोताही की शिकायत एजेंसी अधिकारियों से की।
जिसके बाद बुधवार से एक के बजाए दो कंप्यूटर लगाने का आश्वासन लोगों को दिया गया। आधार कार्ड बनाने वाली कंपनी श्रीराम राजा सरकार के जिला प्रभारी साहब सिंह ने लोगों से अनुरोध किया कि वह इस अवसर का लाभ उठाएं और लोगों के उत्साह को देखकर आधार कार्ड बनाने का काम दो दिन और बढ़ाकर 25 जनवरी तक कर दिया गया है। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया कि जिन लोगों को आधार कार्ड तीन महीने तक उनके पते पर नही पहुंचे हैं, वे अपनी रसीद लेकर उनके पास आएं, ताकि किसी भी स्तर आधार रुका हुआ है, उसे बनवाकर उसके पते पर भेजा जा सके।
इस मौके पर नगरपालिका सचिव सुशील कुमार ने भी आधार कार्ड के फायदों की जानकारी लोगों को दी और बताया कि यदि लोगों ने इस आखिरी अवसर को गंवाया तो उन्हें आधार कार्ड बनवाने के लिए धक्के खाने को मजबूर होना पड़ेगा, क्योंकि भविष्य में सरकार से मिलने वाली हर सुविधा आधार के माध्यम से मिलेगी।
इस मौके पर पार्षद राम सिंह नम्बरदार, देवी दयाल, जेई निजेश कुमार, बिल्डिंग इंस्पेक्टर राजीव विज और पार्षद मेहर चंद मौजूद थे।