दो दिन की धूप के बाद एक बार फिर से ठंड ने दस्तक दे दी। मंगलवार को दिन में कई बार बूंदाबांदी होती रही। और ठंड बढ़ गई है। मंगलवार को न्यूनतम में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले 24 घंटे में बारिश होने की पूरी संभावना है।
मंगलवार को मौसम विभाग की ओर से दर्ज किए गए आंकड़ों के अनुसार, अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री रिकार्ड किया गया। सुबह के समय मौसम में नमी 100 प्रतिशत और शाम को 88 प्रतिशत दर्ज की गई है। इसके अलावा पूर्व से पश्चिम की ओर करीब 5.6 किलोमीटर की तेज रफ्तार हवाएं चलीं। मौसम विभाग कई दिन पूर्व भी पहले ही संकेत दे चुका है कि मौसम में ठंडक कम होने का अभी कोई आसार नजर नहीं आ रहा है।
वर्तमान में दर्ज किए गए आंकड़ों के अनुरूप अगले 24 घंटे में बारिश होने की पूरी संभावना है। मौसम में बदलाव के कारण सोमवार रात में काफी धुंध गिरी। सुबह धुंघ छंटी तो मौसम में नमी रही। सूर्य देव के दर्शन भी ठीक से नहीं हुए। रात में धुंध के कारण वाहन चालकों को भारी दिक्कत झेलनी पड़ी।