माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। कर्ज लेकर अमेरिका गए करनाल के वजीरचंद कॉलोनी के आशीष मान (24) की सड़क हादसे में मौत हो गई। करीब 45 लाख रुपये खर्च करके परिवार ने बेटे को वर्ष 2023 में विदेश भेजा था। हादसे के बारे में परिवार को सोमवार को सूचना मिली।
मूल रूप से बड़ागांव के रहने वाले आशीष मान अमेरिका में पहले स्टोर पर नौकरी करते थे। कुछ समय पहले ही ड्राइविंग लाइसेंस बनने के बाद उन्होंने ट्रक चलाना शुरू किया था। परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने का सपना लेकर वह अमेरिका गए थे। मृतक के बड़े भाई अंकुर ने बताया कि हादसा किस वजह से हुआ, इसको लेकर अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन बताया जा रहा है कि ट्रक सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकराया। परिवार का कहना है कि मंगलवार को आशीष के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। आशीष को विदेश भेजने के लिए परिवार ने कर्ज लिया था।
अंकुर ने बताया कि उन्हें हादसा होने के बारे में फोन से जानकारी दी गई थी। हादसा अमेरिका के समय के अनुसार दोपहर करीब ढाई बजे हुआ। घटना ग्रीन वैली नामक जगह के पास हुई बताई जा रही है। आशीष से रोजाना बातचीत होती थी लेकिन अब उनका फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा था। आशीष अमेरिका के कैलिफोर्निया के फ्रेंजो में रहते थे। हादसा जिस जगह हुआ, वह फ्रेंजो से 3379 किमी से अधिक दूर बताई जा रही है।
भाई बोला, नींद पूरी करने के बाद ही चलाते थे ट्रक
अंकुर ने बताया कि उनके गांव के और लड़के भी अमेरिका में हैं। उनके माध्यम से ही उन्हें हादसे की जानकारी मिली। वे तीन भाई हैं और आशीष सबसे छोटे थे। आशीष गाड़ी चलाने नींद पूरी करने के बाद ही निकलते थे। इसलिए हादसा नींद की वजह से नहीं हो सकता। उनका दावा है कि आशीष ट्रक चलाने में एक्सपर्ट थे। उनके परिचितों के माध्यम से मंगलवार को ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।