माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। बुड्ढा खेड़ा गांव में मंगलवार रात अंडे की रेहड़ी के पास बैठकर शराब पी रहे युवक परविंद्र शर्मा पर छह-सात युवकों ने रॉड से हमला कर दिया। रंजिश के तहत युवक पर हमला करने के बाद आरोपी भाग गए। गंभीर हालत में घायल युवक को पास की महिला ज्योति स्कूटी पर बैठाकर ट्रॉमा सेंटर लेकर आई, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही सेक्टर-32 थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूछताछ की। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
गांव बुड्ढा खेड़ा के परविंद्र शर्मा ने बताया कि वह मंगलवार को अपने काम से घर लौट रहे थे। रास्ते में अंडे की रेहड़ी पर रुका और वहीं बैठकर शराब पीने लगा। अचानक कुछ युवक आए और हमला कर दिया। वह कुछ समझ पाता, इससे पहले हमलावरों ने उसे जमीन पर गिरा दिया और पीट दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। परविंद्र ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले उनका कुछ युवकों के साथ झगड़ा हुआ था। उस वक्त पुलिस में शिकायत दी थी, उसी पुराने मामले को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा था कि वह समझौता कर लें। अंदेशा है कि उन्हीं लोगों ने उन पर हमला कराया है।