माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। थाना शहर क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते युवक ने एक लड़की के घर के बाहर जाकर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। लोगों ने प्रयास करके जब तक आग को बुझाया, तब तक वह झुलस चुका था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदीप को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी मौत हो गई। युवक की पहचान कटाबाग क्षेत्र के संदीप के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि वह एक लड़की के संपर्क में था। युवक के परिजनों ने युवती के परिजनों पर भी आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनका बेटा कई दिन से परेशान था। थाना प्रभारी प्रवीन कुमार का कहना है कि अभी तक लिखित में शिकायत नहीं मिली है। शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।