संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए कर्णनगरी के लाल लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे लोगों के मन की पीड़ा उनकी आंखों से आंसू बनकर निकल आई। दूर दूर से आए लोग विनय के परिजनों का ढांढस बंधा रहे थे, जबकि खुद उनकी आंखें नम थीं। हर किसी के जुबां पर यही पीड़ा था कि जो हुआ, बहुत बुरा हुआ।
शहर के डॉ. मंगलसेन सभागार में रखी गई श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की पत्नी सुमन सैनी, विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण, विधायक जगमोहन आनंद, मेयर रेणू बाला गुप्ता और सेना के अधिकारियों समेत बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इतनी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे कि आडिटोरियम छोटा पड़ गया।
श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों में असंध विधायक योगेंद्र राणा, डीसी उत्तम सिंह, एसपी गंगाराम पूनिया, गजेंद्र फोगाट, एसडीएम अनुभव मेहता, नौसेना मुख्यालय की ओर से कैप्टन अमित पुरी, कैप्टन शोभित अग्रवाल, लेफ्टिनेंट प्रिया, नौसेना अधिकारी, विनय के पिता राजेश नरवाल, माता आशा देवी, दादा हवा सिंह, विनय की पत्नी हिमांशी, विनय की बहन सृष्टि, हिमांशी के पिता सुनील स्वामी, पूनम, महेश यादव, लोकसभा के पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा शामिल रहे।
लोकसभा अध्यक्ष ओम विड़ला, केंद्रीय मंत्री और सांसद मनोहर लाल खट्टर व नौसेना अध्यक्ष एडमिरल दिनेश त्रिपाठी सहित कई लोगों ने शोक संदेश भेजा। सामाजिक संस्था जॉनी अल्ट्रा और हैप्पी एथलीट की संस्था के सदस्य गन्नौर से करीब 100 किलोमीटर की पैदल यात्रा करके पहुंचे और विनय को श्रद्धांजलि दी।
्