संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल/घरौंडा। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर विश्राम गृह के सामने बुधवार दोपहर करीब 3 बजे तेज रफ्तार ट्राॅला की बरात में शामिल सात गाड़ियों में टक्कर लगी। हादसे में दूल्हे के दादा रसीन गांव निवासी जहांगीर की मौत हो गई। अलग-अलग गाड़ियों में सवार 2 बच्चों सहित 15 लोग घायल हैं।
करनाल से दिल्ली की ओर जाता हुआ तेज रफ्तार ट्राॅला सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों से घसीटता हुआ आगे बढ़ता चला गया था। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया। सूचना पर घरौंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत से क्रेन की मदद से वाहनों को हटवाकर यातायात शुरू किया गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद ट्राॅला चालक को हिरासत में ले लिया है।
बुधवार को गांव रसीन निवासी रियायत के बेटे आमिर खान की बरात गांव रसीन से पानीपत के गांव पलहेड़ी जा रही थी। कुछ बरातियों की गाड़ी दूल्हे की गाड़ी से पहले ही गांव से निकल गई थी। विश्राम गृह के सामने इन गाड़ियों को किनारे रोककर दूल्हे की गाड़ी का इंतजार किया जा रहा था। इसी दौरान बजरी से भरे तेज रफ्तार ट्राॅला की टक्कर गाड़ियों में लगी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दूल्हे के दादा के शव को करनाल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया दिया गया। घायल मेंहदी (50), सलिन्द्र (60), इरफान (40), संदीप (30), मुस्तकीन (28), पंजाब के राजपुर निवासी मोहमद समद (11) और अविश (13) और अन्य आठ लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के बाद लग गया जाम
हादसे में सात गाड़ियों के क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर लंबा जाम लग गया। वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतार लग गईं। डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से सड़क से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया। उसके बाद यातायात चालू हुआ।
-
मातम में बदलीं शादी की खुशियां
गांव रसीन निवासी रियायत के बेटे आमिर खान की शादी की गांव में खुशियां थीं। कई दिन से घर आने वाले लोग परिवार को बधाइयां दे रहे थे लेकिन बुधवार दोपहर को हादसे ने सब कुछ बदल दिया। दूल्हे आमिर खान के दादा जहांगीर की मौत के बाद परिवार में मातम पसर गया। अब शादी की बधाई की जगह लोग सांत्वना देने के लिए पहुंच रहे हैं। हादसे के बाद बरात तो गई लेकिन शादी की खुशियां फीकी हो गईं।
-
घरौंडा के विश्राम गृह के पास ट्राॅला की टक्कर लगने से बरात की गाड़ी में सवार रसीन गांव निवासी जहांगीर की मौत हो गई। कई लोगों को हल्की चोटें आई हैं। हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ। ट्राॅला चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके चालक को हिरासत में लिया है। क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। - दीपक कुमार, थाना प्रभारी, घरौंडा थाना