इंद्री। कुंजपुरा गांव में रविदास मंदिर के पास 27 फरवरी की रात को 9 बजे घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम में शामिल एसपीओ दिलबाग पर आरोपी सचिन ने डंडे से हमला कर दिया। हाथापाई की, वर्दी भी फाड़ दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
डायल 112 की ईआरवी 419 को सूचना मिली थी कि गांव कुंजपुरा में रविदास मंदिर के पास एक व्यक्ति अपनी पत्नी की पिटाई कर रहा है। उस समय गाड़ी में प्रभारी अतिरिक्त सहायक निरीक्षक रोहित, चालक एसपीओ परमजीत और एसपीओ दिलबाग ड्यूटी पर तैनात थे। मौके पर देखा तो गांव कुंजपुरा निवासी अमृत लाल का बेटा सचिन अपनी पत्नी रीना के साथ झगड़ा करते हुए पिटाई कर रहा था। शिकायत के अनुसार पुलिसकर्मी दिलबाग ने सचिन को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह भड़क उठा। उसने टीम के साथ गाली-गलौज और हाथापाई की। एसपीओ दिलबाग का कॉलर पकड़ लिया और वर्दी फाड़ दी। इसके बाद आरोपी हाथ में डंडा उठाकर दिलबाग की दाहिनी बाजू पर वार किया। पुलिस टीम वहां से लाैटने लगी तो आरोपी ने उनका रास्ता रोक लिया और जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद डायल 112 की गाड़ी पर तैनात कलसाैरा गांव निवासी पुलिस एसपीओ दिलबाग ने थाना कुंजपुरा में लिखित शिकायत दी। कुंजपुरा थाना प्रभारी विक्रांत ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी सचिन के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, वर्दी फाड़ने और चोट पहुंचाने की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।