चौगावां का एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव, मरीज की गली कंटेन्मेंट और गांव बफर जोन घोषित
गुरुग्राम में नौकरी करता है युवक, 16 मई को आया था घर, जिले में कुल एक्टिव केस हुए सात
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। जिले में एक और कोरोना पॉजिटिव केस रविवार को सामने आया। यह इंद्री खंड के चौगावां गांव में मिला। मरीज युवक गुरुग्राम की एक कंपनी में काम करता है, जोकि 16 मई को अपने घर आया था और किसी सर्जरी के लिए मुलाना के मेडिकल कॉलेज में गया था। सर्जरी करवाने से पहले मेडिकल कॉलेज ने उसका कोरोना का टैस्ट किया, टैस्ट में वह पॉजिटिव पाया गया। एहतियात के तौर पर जिलाधीश निशांत कुमार यादव ने मरीज की निवास की गली को कंटेन्मेंट और गांव को बफर जोन घोषित कर दिया गया है। वहीं युवक के परिवार के सभी सदस्यों का कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में टेस्ट हुआ है, जिसकी रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। इस नए केस के बाद वर्तमान में जिले में कुल 7 केस एक्टिव हैं।
बॉक्स
कोरोना बुलेटिन : 75 की रिपोर्ट पेंडिंग, 5 नोटिस हुए डिस्पले
जिले में कोरोना वायरस से संदिग्ध कुल 3725 व्यक्तियों के सैंपल में से 3632 की रिपोर्ट नेगिटिव आई है, 75 की रिपोर्ट आना शेष है। चौगावां के केस को मिलाकर जिले में अब तक कुल 18 पॉजिटिव केस आए हैं, उनमें से 10 व्यक्ति ठीक होकर अपने घर चले गए हैं, सबसे पहले सामने आए एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी।
सिविल सर्जन डॉ. अश्विनी आहुजा के अनुसार, जिले में अब तक विदेश से आए 1012 यात्री 28 दिन या इससे अधिक दिनों का सर्विलांस समय पूरा कर चुके हैं, 14 दिनों वाले कांटैक्टस व यात्रियों की संख्या 166 है तथा 15 से 28 दिनों के कांटैक्टस वाले यात्रियों की संख्या 64 है और 283 यात्री 28 दिनों का सर्विलांस पूरा कर चुके हैं।रविवार को 5 डिस्पले नोटिस किए गए।
बॉक्स
केस करनाल जिले का नहीं गिना जाएगा : सीएमओ
सिविल सर्जन डॉ. अश्विनी आहूजा ने बताया कि कोरोना संक्रमण से ग्रस्त व्यक्ति की 14 दिनों की हिस्ट्री जिस जिले की होती है, मरीज को उसी जिले में गिना जाता है। चौगावां वासी गुरुग्राम की एक कंपनी में काम करता है। इसे नियमानुसार करनाल जिले में नहीं गिना जाएगा।
बॉक्स
इन क्षेत्रों के सभी संदिग्धों की होगी जांच
इंद्री के चौगावां गांव में कोरोना का एक केस पोजिटिव आने के बाद जिलाधीश ने ईश्वर पुत्र जयपाल, रणबीर पुत्र हरिराम के मकान से रमेश सैनी पुत्र प्रभु के मकान तक, सुखविन्द्र पुत्र मांगे राम से राजन पुत्र साहिब सिंह के मकान तक और निर्मल सिंह पुत्र रंजीत से जसविन्द्र पुत्र सतपाल तक के मकान वाली संबंधित गली को कंटेन्मेंट जोन घोषित कर दिया गया है। इसके अलावा इंद्री के गांव चौगावां को बफर जोन घोषित कर दिया गया है। एक्शन प्लान के तहत इन क्षेत्रों के सभी संदिग्ध व्यक्तियों की जांच, टेस्ट करने के साथ-साथ उन्हें क्वारंटाइन, आईसोलेशन और सामाजिक दूरी में रखा जाएगा। इसके लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अलग-अलग प्रबंधो की जिम्मेदारी भी दी गई है।
बॉक्स
एरिया पूरी तरह से सील, हर सुविधा घर पर ही मिलेगी
सिविल सर्जन की टीम कंटेन्मेंट जोन के तहत बसे समस्त घरों के व्यक्तियों की डोर टू डोर स्क्रीनिंग व थर्मल स्कैनिंग करेगी। एम्बुलैंस और अन्य पैरामैडिकल स्टाफ की तैनाती भी होगी। इंद्री के बीडीपीओ संबंधित कंटेन्मेंट व बफर जोन में शामिल समस्त एरिया को सैनीटाइज करवाएं। पर्याप्त पुलिस बल एरिया को सील कर जरूरत अनुसार नाका लगाएंगे। जनता की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। कल्पना चावला राजकीय मैडिकल कॉलेज को कंटेन्मेंट/आईसोलेशन के लिए कोविड अस्पताल घोषित किया गया है। निदेशक कल्पना चावला मैडिकल कॉलेज और सिविल सर्जन करनाल किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सभी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाएंगे।नगर निगम के संयुक्त आयुक्त, एमडी शुगर मिल के साथ समन्वय करके दोनों जोन में लोगों की राशन, दूध, करियाणा, दवाईयां व सब्जी जैसी आवश्यक जरूरतें पूरी करवाएंगे और रोजमर्रा के इस काम के लिए पर्याप्त स्टाफ लगाएंगे। ये चीजे अलग-अलग पैकेट में होंगी तथा सभी के घर द्वार पर पहुंचाई जाएगी। उपमंडलाधीश इंद्री उपरोक्त सभी प्रबंधों के ओवरआल इंचार्ज होंगे। सभी अधिकारी व कर्मचारी इन आदेशों का पालन करते हुए अपनी ड्यूटी ठीक से करेंगे और यदि किसी के कार्य में कमी पाई गई तो उसके विरुद्ध डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट-2005 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।