इंद्री। करनाल-यमुनानगर स्टेट हाईवे पर बाईपास के समीप वीरवार दोपहर कार और ट्रैक्टर के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया जबकि ट्रैक्टर का पिछला एक टायर फट गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और बड़ा हादसा बच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना उस समय हुई जब एक कार करनाल की ओर से इंद्री की तरफ आ रही थी। अचानक कार चालक का वाहन पर संतुलन बिगड़ गया और कार डिवाइडर पार कर सामने से आ रहे ट्रैक्टर से जा टकराई।
कार चालक को हाथ और नाक पर चोटें आईं। कार चालक के पिता ने बताया कि उनका बेटा प्रवीण गढ़ीगुजरान गांव का निवासी है, फिलहाल ऑस्ट्रेलिया में रहता है और इन दिनों भारत आया है।
13 मार्च को उसकी ऑस्ट्रेलिया वापसी की फ्लाइट निर्धारित है। वह वीरवार को इंद्री बाजार में कपड़े खरीदने जा रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
जांच अधिकारी गुरजीत सिंह ने बताया कि यदि कोई शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संवाद