करनाल। कुताना गांव में एक किसान की मेहनत पर कुछ लोगों ने ट्रैक्टर चलवाकर पानी फेर दिया। किसान ने पंचायत से 13 लाख रुपये की बोली लगाकर एक साल के लिए जमीन ली थी, लेकिन पूर्व पट्टेदारों और उनके साथियों ने उसकी खड़ी फसल पर ट्रैक्टर चलवा दिए।
किसान जीत सिंह ने बताया कि उसने एक मई को बोली के तहत पंचायत से जमीन ली और उसी दिन रकम भी ट्रांसफर कर दी। पंचायत की शर्तों के अनुसार जमीन का मालिक वहीं था और खेत में लगी फसल भी उसकी मानी जानी थी। लेकिन 3-4 ट्रैक्टरों से आए पुराने पट्टेदारों ने उसकी खड़ी फसल जोत दी।
किसान का दावा है कि सरपंच और सचिव की मौजूदगी में यह घटना हुई और उसका वीडियो भी पुलिस को सौंपा गया है।
थाना मूनक पुलिस ने किसान की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ब्यूरो