संवाद न्यूज एजेंसी
कुंजपुरा। ग्राम पंचायत कुंजपुरा में सरपंच व कुछ पंचों के बीच बीते कुछ दिनों से खींचतान जारी है। इसके कारण गांव में चरमराई सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बीडीपीओ मोनिका बालदा ने कमेटी गठित की है।
कमेटी में सरपंच व 20 पंचों के अलावा एसइपीओ गौरव कुमार, तीन चौकीदार, तीन कर्मचारी स्वास्थ्य विभाग से, तीन ट्यूबवेल ऑपरेटर व ग्राम सचिव हरीश चंद सहित 28 व्यक्ति शामिल किए गए है। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी बालदा का कहना है कि गांव में विशेष सफाई अभियान शुरू कर दिया गया है।
इसके अलावा पेयजल सप्लाई पाइपों में पीने के लीकेज को चिह्नित कर उसे दुरुस्त किया जाएगा। डेंगू की रोकथाम के लिए गांव में फागिंग भी जारी है। बीडीपीओ ने बताया कि गांव के सभी 20 वार्डों में पंचों के सहयोग से उनके वार्डों में सफाई व्यवस्था, फागिंग व पानी की सप्लाई को दुरुस्त किया जा रहा है। जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों से भी तालमेल किया गया है ताकि पानी की सुचारू रूप से जारी रहे।
उल्लेखनीय है कि बीते कुछ समय से 20 पंचों वाली इस ग्राम पंचायत में 14 पंच गांव की सरपंच का विरोध कर रहे हैं। इनका सरपंच के साथ मतभेद बना हुआ है। इसस गांव के सभी विकास कार्य ठप होने के साथ-साथ गांव में सफाई व्यवस्था भी चरमरा गई है। इससे समूचे गांव के लोगों में रोष पनप रहा है।