माई सिटी रिपोर्टर
करनाल/तरावड़ी। आढ़ती एवं चावल व्यापारी से चार बदमाशों ने बंदूक दिखाकर और चाकू की नोक पर मोबाइल लूट लिया। पहले आरोपियों ने व्यापारी के साथ मारपीट की फिर उनके बैंक खाते से ऑनलाइन रुपये भी ट्रांसफर करने का प्रयास किया।
इसमें सफल नहीं हुए तो आरोपियों ने उनके ही मोबाइल से बेटे को फोन कर फिरौती मांगी। जब ये प्रयास भी असफल रहा तो व्यापारी का मोबाइल लूट कर भाग गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। इस वारदात से चावल व्यापारियों और आढ़तियों में भारी रोष है।
तरावड़ी थाना पुलिस को चावल व्यापारी एवं आढ़ती नवीन सिंगला ने बताया कि वह वीरवार सुबह साढ़े चार बजे डोडवा से शामगढ़ सड़क पर सैर करने घर से निकले थे। जैसे ही वे गुरुद्वारे के पास पहुंचे चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। उनकी कनपटी पर पिस्तौल लगाई और गले पर चाकू लगाकर रुपये और सारा सामान देने को कहा। चूंकि व्यापारी सैर पर था इसलिए सिर्फ मोबाइल ही दिया।
व्यापारी को ऑनलाइन प्रणाली की जानकारी न होने की वजह से वे रुपये ट्रांसफर नहीं कर पाए। बदमाशों ने बेटे को फोन कर कहा कि मैं जगदीश बोल रहा हूं। हमने तुम्हारे पिता को किडनैप कर लिया है। व्यापारी के बेटे आशू ने सोचा कि ये कोई फर्जी कॉल हो सकती है और फोन काट दिया। बाद में पिता का नंबर देख वे मौके पर पहुंचे। तब तक बदमाश व्यापारी के साथ मारपीट कर भाग चुके थे।