प्रदेश की भजन मंडलियों के इतिहास और उनके द्वारा किए गए सामाजिक उत्थान को अब पाठक गहनता से जान पाएंगे। सोमवार को कुरुक्षेत्र के डीएन कॉलेज में राज्यसभा सांसद एवं गुरुकुल कांगड़ी यूनिवर्सिटी के चांसलर डॉ. रामप्रकाश ने डॉ. सुशील कुमार टाया की पुस्तक ‘हरियाणा की भजन मंडली परंपरा को पंडित रामेश्वर दत्त का योगदान’ का विमोचन किया।
डॉ. रामप्रकाश ने कहा कि इस पुस्तक की सबसे खास बात यह है कि यह पूरी तरह से मौलिक कार्य है। उन्होंने कहा कि भजन मंडलियों ने समाज में फैली बुराइयों, कुरीतियों, विसंगतियों व पाखंडों के खिलाफ लोगों को जागरूक किया है।
भजन मंडली परंपरा काफी प्राचीन है, आरंभ से ही हर व्यक्ति कुछ ना कुछ गुनगुनाता है तथा जब तीन-चार लोग इकट्ठे हो जाते तो वे भजन मंडली का रूप धारण कर लेते थे। उन्होंने कहा कि भजन मंडलियों ने समाज सुधार तथा स्वतंत्रता आंदोलन में अहम योगदान दिया है।
इन लोगों ने मनोरंजन के साथ-साथ समाज को सही दिशा भी देने का काम किया है। डॉ. रामप्रकाश ने कहा कि आज जिस तरह से शोधकार्य व लेखनकार्य हो रहा है, उसे देखते हुए जरूरत है कि इस तरह के मौलिक कार्य अधिक संख्या में हों और उसमें सत्यम, शिवम और सुंदरम हो।
उन्होंने कहा कि इस उत्कृष्ट कार्य के लिए डॉ. सुशील टाया बधाई के पात्र हैं और मेरी शुभकामनाएं हैं कि भविष्य में भी अच्छा लेखन कार्य करें, ताकि समाज को इससे लाभ हो। डॉ. सुशील टाया ने बताया कि पुस्तक में मुख्य तौर पर सात अध्याय हैं। जिनमें हरियाणा का सामान्य परिचय, पंडित रामेश्वर दत्त का व्यक्तित्व एवं कृतित्व, हरियाणा की भजन मंडलियां और उनका इतिहास, पंडित रामेश्वर दत्त के भजनों के कथ्यागत आयाम, पंडित रामेश्वरदत्त के भजनों में शिल्पगत आयाम, हरियाणा की भजन मंडली परपंरा को पंडित रामेश्वरदत्त का योगदान, उपसंहार और अंत में पंडित रामेश्वरदत्त द्वारा कुरुक्षेत्र की 48 कोस भूमि की महिमा का गुणगान करने वाला हस्तलिखित भजन है।
इस अवसर पर केयू के हिंदी विभाग के प्रोफेसर बाबूराम ने कहा कि भजन मंडलियों के इतिहास को दर्शाने वाली यह पहली पुस्तक है। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से नया शोधकार्य है। जिसे पूरी मेहनत के साथ डॉ. सुशील कुमार टाया ने किया है। इसी शोधकार्य की बदौलत इतनी बेहतर पुस्तक आज हमारे सामने है।
इस अवसर पर वित्त आयोग के सदस्य सुभाष सुधा, जिला कांग्रेस के उपप्रधान फतेह सिंह खेड़ी, ब्लॉक प्रधान मेहर सिंह रामगढ़, लोकपाल मनरेगा श्यामलाल जांगड़ा, ओमीलाल, राजकुमार पिंडारसी, अशोक शर्मा, राजेश चौधरी, नरेंद्र चौधरी, नरेंद्र सिंह, नवनीत वैध, संदीप चौहान, प्रवीण शर्मा, नसीब सिंह टाया, हरि सिंह नंबरदार, ललित शर्मा, पार्षद सुरेंद्र छिंदा और सतीश कुमार उपस्थित थे।